शिव शर्मा की रिपोर्ट
मोहला, 4 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से आम नागरिकों के जीवन में आ रहे सकारात्मक बदलाव की अनेक सेवा की कहानियां सामने आ रही हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना ऐसी ही एक महत्वपूर्ण पहल है, जो जरूरतमंद परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराकर उनके जीवन में सुरक्षा, सम्मान और स्थायित्व सुनिश्चित कर रही है। इसी कड़ी में ग्राम पंचायत चमाराटोला निवासी श्री सुकलु राम निषाद और उनके परिवार का वर्षों पुराना पक्के घर का सपना साकार हुआ है।
श्री सुकलु राम निषाद का परिवार लंबे समय से मिट्टी और खपरैल से बने कच्चे मकान में रह रहा था। बरसात का मौसम उनके परिवार के लिए राहत के बजाय चिंता लेकर आता था। बारिश होते ही छत से पानी टपकने लगता था और दीवारों में सीलन आने से घर के भीतर रहना मुश्किल हो जाता था। घर के सामान को पानी से बचाना, छत की मरम्मत कराना और लकड़ियों तथा खपरैलों को बार-बार बदलना परिवार की नियमित परेशानियों में शामिल था। सीमित आर्थिक संसाधनों के चलते स्वयं पक्का मकान बनाना उनके लिए आसान नहीं था।
ऐसे में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित प्रधानमंत्री आवास योजना उनके परिवार के लिए उम्मीद की नई किरण बनकर आई। योजना के तहत आवास स्वीकृत होने के बाद उनका पक्का मकान बनकर तैयार हुआ और वर्षों से देखा जा रहा सपना हकीकत में बदल गया। अब परिवार को न बारिश में छत टपकने की चिंता है और न ही दीवारों की सीलन और बार-बार मरम्मत का डर। पक्के मकान ने उनके जीवन में सुरक्षा के साथ मानसिक सुकून भी दिया है।
श्री सुकलु राम निषाद बताते हैं कि पहले बरसात के दिनों में पूरा परिवार परेशान रहता था। छत से पानी टपकने के कारण घर के सामान को सुरक्षित रखना मुश्किल हो जाता था। हर साल मकान की मरम्मत पर समय और पैसे खर्च करने पड़ते थे। अब पक्का घर मिलने से उनकी ये सभी चिंताएं दूर हो गई हैं। परिवार सुरक्षित छत के नीचे सुकून से जीवन व्यतीत कर रहा है। उनके चेहरे पर संतोष और आत्मविश्वास इस बदलाव की खुशी को बयां करता है।
सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ ही योजनाओं से लोगों के जीवन में आए बदलाव को सामने लाना भी है। सुकलु राम निषाद के परिवार की सेवा की कहानी इसी उद्देश्य को साकार करती है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से मिला पक्का मकान केवल एक आवास नहीं, बल्कि परिवार के लिए बेहतर भविष्य, सामाजिक सम्मान और सुरक्षित जीवन की मजबूत नींव है।
श्री सुकलु राम निषाद ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की इस योजना ने उनके परिवार के वर्षों पुराने सपने को पूरा किया है। उन्होंने बताया कि अब उनका परिवार बिना किसी डर और चिंता के अपने पक्के घर में रह रहा है।
*क्रमांक-10/28 आर्य —*