अनिल सक्सेना की रिपोर्ट
बांदा।। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बांदा के झलकारी बाई सभागार में प्राचार्य/क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी, बांदा प्रो. दीपाली गुप्ता और बूटा अध्यक्ष डॉ.अशोक सिंह परिहार के निर्देशन में बुंदेलखंड क्षेत्र में केंद्रीय विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग को लेकर एक दिवसीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। सर्वप्रथम ज्ञानदायिनी माँ सरस्वती को दीप्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ जयंती सिंह ने किया।
मुख्य अतिथि सह-आयुक्त श्री पंकज कुमार,चित्रकूट धाम मण्डल ने बुंदेलखंड क्षेत्र की शैक्षिक, सामाजिक एवं आर्थिक परिस्थितियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह क्षेत्र ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक संपदाओं की दृष्टि से अत्यंत समृद्ध है, लेकिन उच्च शिक्षा के पर्याप्त अवसरों के अभाव में यहां के विद्यार्थियों को अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इससे क्षेत्र में केंद्रीय विश्वविद्यालय की स्थापना से उच्च शिक्षा के नए अवसर सृजित होंगे तथा शोध, नवाचार और अकादमिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा।
मुख्य वक्ता प्रो. एच. आर. मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि बुंदेलखंड में केंद्रीय विश्वविद्यालय की स्थापना समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। इससे न केवल स्थानीय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ उच्च शिक्षा प्राप्त होगी, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास को भी नई दिशा मिलेगी। उन्होंने इस मांग को व्यापक शैक्षिक एवं जनहित के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण बताया।
संगोष्ठी में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि केंद्रीय विश्वविद्यालय की स्थापना से बुंदेलखंड की ऐतिहासिक विरासत, लोकसंस्कृति, साहित्य, कला, पुरातत्व एवं क्षेत्रीय विकास से जुड़े विषयों पर उच्चस्तरीय शोध को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं अकादमिक उन्नति के नए अवसर भी उपलब्ध होंगे।
जलपुरुष पदमश्री उमा शंकर पांडेय ने बुंदेलखंड में केंद्रीय विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग को प्रभावी ढंग से शासन एवं संबंधित प्राधिकारियों तक पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया।
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय शिक्षक संघ ( बूटा ) के अध्यक्ष डॉ.अशोक सिंह परिहार ने अपने वक्तव्य में बुंदेलखंड में केंद्रीय विश्वविद्यालय की माँग को व्यापक शिक्षक समुदाय एवं जनमानस की आवाज बताते हुए इसके लिए संगठित एवं निरंतर प्रयास किए जाने पर बल दिया।
इसी अवसर पर सह-आयुक्त चित्रकूट धाम मण्डल श्री पंकज कुमार के नेतृत्व में सड़क सुरक्षा पखवाड़ा (16 से 30 नवम्बर, 2026 तक) के अंतर्गत “सड़क सुरक्षा शपथ” दिलाया । समाजसेविका एवं पूर्व प्रो.सबीहा रहमानी ने अपने वक्तव्य में कहा कि बुंदेलखंड में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता उन्हें बेहतर शैक्षणिक संसाधन, शोध के अवसर और गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने की है। केंद्रीय विश्वविद्यालय की स्थापना होने से विशेष रूप से ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।
अंत में प्राचार्य प्रो दीपाली गुप्ता ने सभी वक्ताओं, प्राध्यापकों, शिक्षाविदों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड में केंद्रीय विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग क्षेत्र की शैक्षणिक आकांक्षाओं एवं उज्ज्वल भविष्य से जुड़ी हुई है।
इस अवसर पर पं.जे एन कॉलेज के प्राचार्य प्रो.वी एन कुशवाहा , प्रो जितेंद्र कुमार, डॉ माया वर्मा, डॉ जय कुमार चौरसिया, डॉ जय प्रकाश सिंह, शशि भूषण मिश्र, डॉ अंकिता तिवारी, डॉ सपना सिंह, डॉ ज्योति मिश्रा, डॉ शिव कुमार गुप्ता, डॉ संजीव कुमार गुप्ता, डॉ आलोक कुमार भारद्वाज, डॉ विनय कुमार पटेल,डॉ मोहम्मद अफ़ज़ल, डॉ राम नरेश,डॉ आदित्य प्रताप सिंह, अन्य महाविद्यालय से आए प्राध्यापक गण व पदाधिकारी,अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता और समस्त कार्यालय स्टॉफ उपस्थित रहे।