‘‘सड़क सुरक्षा पखबाड़ा’’ के अन्तर्गत टैक्सी स्टैंड एवं ई-रिक्शा स्टैंड को चिन्हित कर उन्हें हटाए जाने हेतु चला अभियान

 

उरई ।।
‘‘सड़क सुरक्षा पखबाड़ा’’ के अन्तर्गत जनपद में यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं सुरक्षित बनाए रखने तथा सड़क पर लगने वाले अनावश्यक जाम की समस्या से निजात दिलाने के उद्देश्य से परिवहन विभाग द्वारा अवैध बस स्टैंड, टैक्सी स्टैंड एवं ई-रिक्शा स्टैंड को चिन्हित कर उन्हें हटाए जाने हेतु विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान के अंतर्गत ऐसे स्थानों को चिन्हित किया जा रहा है, जहां अनधिकृत रूप से बसों, टैक्सियों एवं ई-रिक्शा का जमावड़ा लगाकर सवारियां बैठाई एवं उतारी जाती हैं, जिससे यातायात बाधित होता है तथा आमजन को असुविधा का सामना करना पड़ता है। चिन्हित स्थलों से अवैध स्टैंड हटाने की कार्रवाई की जाएगी तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित की गयी।
राजेश कुमार सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) जालौन द्वारा ई-रिक्शा चालकों द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन किए जाने, निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी बैठाने, अनधिकृत स्थानों पर वाहन खड़ा करने तथा यातायात में बाधा उत्पन्न करने के मामलों में 15 ई-रिक्शा वाहनों के चालान किए गए।
इसी प्रकार इसी प्रकार आनन्द राय कुरील यात्री/मालकर अधिकारी द्वारा ई-रिक्शा चालकों द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन किए जाने, निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी बैठाने, अनधिकृत स्थानों पर वाहन खड़ा करने तथा यातायात में बाधा उत्पन्न करने के मामलों में 20 ई-रिक्शा वाहनों के चालान किए गए व 08 रिक्शा वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार प्रवर्तन की कार्यवाही करते हुए उन्हें निरुद्ध किया गया।
परिवहन विभाग द्वारा ई-रिक्शा चालकों को विशेष रूप से जागरूक किया गया कि वे विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों के आसपास वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतें। निर्धारित गति सीमा का पालन करें, विद्यालयों के आसपास अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा न करें तथा बच्चों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। साथ ही निर्धारित एवं अधिकृत स्थानों पर ही सवारी बैठाने एवं उतारने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
परिवहन विभाग की अपील है कि सभी वाहन चालक यातायात नियमों का पालन करें, अनधिकृत स्टैंड संचालित न करें तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध निरंतर कार्यवाही जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *