- अनिल सक्सेना की रिपोर्ट
सड़क दुर्घटनाओं में कमी एव मृत्युदर घटाने हेतु विभागवार कार्यवाही की समीक्षा, सभी संबंधित विभागों को प्रभावी निर्देश
बांदा। अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिला सड़क सुरक्षा समिति की पूर्व बैठक दिनांक 28.10.2026 के कार्यवृत्त के अनुपालन में विभिन्न विभागों द्वारा की गई कार्यवाही की बिंदुवार समीक्षा की गई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, दुर्घटनाओं से होने वाली मृत्यु दर कम करने, यातायात नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित कराने तथा जनमानस में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के संबंध में विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में सड़क सुरक्षा पखवाड़े के अंतर्गत दिनांक 16 नवंबर 2026 को महाराणा प्रताप चौक, बांदा में आयोजित शुभारंभ कार्यक्रम का भी उल्लेख किया गया। उक्त कार्यक्रम में मंडलायुक्त महोदय, पुलिस उपमहानिरीक्षक महोदय एवं जिलाधिकारी महोदय की गरिमामयी उपस्थिति में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा शपथ दिलाई गई तथा प्रचार वाहन एवं बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। छात्र-छात्राओं द्वारा जागरूकता रैली निकालकर आम जनमानस को यातायात नियमों के पालन एवं सुरक्षित आवागमन का संदेश दिया गया।
बैठक में अनुपालन आख्या के बिंदुवार विवरण निम्नवत प्रस्तुत किया गया—
1. हिट एंड रन दुर्घटनाओं के मामलों में सहायता एवं प्रतिकर भुगतान
हिट एंड रन दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु परिवहन विभाग एवं पुलिस विभाग द्वारा ट्रक चालकों सहित वाहन चालकों को निरंतर जागरूक किया जा रहा है। सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से सड़क सुरक्षा नियमों के संबंध में प्रचार-प्रसार भी कराया जा रहा है। पुलिस विभाग से प्राप्त तीन प्रकरणों में जिलाधिकारी महोदय द्वारा प्रतिकर धनराशि स्वीकृत की जा चुकी है तथा संबंधित बीमा कंपनी के पोर्टल पर भुगतान की कार्यवाही हेतु प्रकरण फीड किए गए हैं।
इन प्रकरणों में मृतक वीरू सिंह, मृतका सुश्री कोमल तथा मृतक चुन्नू के आश्रितों को ₹2-2 लाख की प्रतिकर धनराशि स्वीकृत की गई है। संबंधित बीमा कंपनी द्वारा पीड़ितों एवं पात्र आश्रितों को स्वीकृत धनराशि का भुगतान शीघ्र सुनिश्चित करने तथा लंबित प्रकरणों का नियमानुसार त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।
2. यातायात नियमों के उल्लंघन के विरुद्ध प्रवर्तन कार्यवाही
पुलिस एवं परिवहन विभाग द्वारा वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करने के साथ उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमित प्रवर्तन कार्यवाही की जा रही है। अनुपालन आख्या के अनुसार माह अक्टूबर 2026 में ओवरलोडिंग के 202, ओवरस्पीडिंग के 27, ड्रंक एंड ड्राइव के 09, बिना हेलमेट के 1784, बिना सीट बेल्ट के 290, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन प्रयोग के 161 तथा रॉन्ग साइड ड्राइविंग के 138 मामलों में कार्यवाही की गई।
वाहन चालकों द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन किए जाने पर प्रभावी प्रवर्तन कार्यवाही जारी रखने, ओवरलोडिंग एवं ओवरस्पीडिंग के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने तथा बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, मोबाइल फोन का प्रयोग, रॉन्ग साइड ड्राइविंग एवं नशे की स्थिति में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध नियमित चेकिंग एवं कठोर कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
3. राहवीर योजना के अंतर्गत घायल व्यक्तियों की सहायता
स्वास्थ्य विभाग से राहवीर योजना के दो लाभार्थियों का विवरण प्राप्त हुआ है। दोनों प्रकरणों को आवश्यक प्रारूप में प्राप्त कर संबंधित समिति से संस्तुति कर परिवहन आयुक्त कार्यालय को भेजा गया तथा प्रकरण स्वीकृत किए गए हैं। सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की सहायता करने वाले राहवीरों को योजना का लाभ शीघ्र उपलब्ध कराने तथा योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए, जिससे अधिकाधिक नागरिक दुर्घटना पीड़ितों की सहायता हेतु प्रेरित हो सकें।
4. जिला सड़क सुरक्षा समिति के निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन
जिला सड़क सुरक्षा समिति के पूर्व निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने हेतु सभी थाना प्रभारियों एवं यातायात पुलिस को निर्देशित किया गया है। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से निरंतर प्रवर्तन एवं जन-जागरूकता अभियान संचालित किए जा रहे हैं तथा की गई कार्यवाही का नियमित अभिलेखीकरण किया जा रहा है। सभी संबंधित पुलिस अधिकारियों को सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन कराने एवं पूर्व में दिए गए निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
5. राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-335, बांदा–फतेहपुर मार्ग पर सड़क सुरक्षा एवं जलभराव की समस्या
राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-335 (बांदा–फतेहपुर मार्ग) पर तिंदवारी एवं महोखर के मध्य क्षतिग्रस्त भागों को प्राथमिकता के आधार पर गड्ढामुक्त कराने, ग्राम माता के समीप दुर्घटना संभावित मोड़ से पूर्व दोनों ओर आवश्यकतानुसार रम्बल स्ट्रिप्स का निर्माण कराने तथा चेतावनी संकेतक, गति सीमा संकेतक एवं अन्य सड़क सुरक्षा उपाय स्थापित कराने के निर्देश दिए गए थे।
अनुपालन आख्या में अवगत कराया गया कि संबंधित मार्ग पर जलभराव की समस्या का अभी तक संबंधित विभागों द्वारा समाधान नहीं किया जा सका है। जल निगम की पाइप लाइनों से लगातार जल रिसाव होने के कारण सड़क सूख नहीं पा रही है, जिससे मरम्मत कार्य प्रभावित हो रहा है। भारी वाहनों के लगातार आवागमन से मार्ग की क्षति बढ़ रही है तथा यातायात असुरक्षित हो रहा है।
इस संबंध में संबंधित विभागों को जल रिसाव की समस्या का शीघ्र समाधान करने, जलभराव के कारणों को दूर करने, सड़क की मरम्मत सुचारु रूप से कराने तथा राष्ट्रीय राजमार्ग पर जलभराव उत्पन्न करने वाले अव्यवस्थित तत्वों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी एवं दंडात्मक कार्यवाही करने हेतु प्रभावी निर्देश जारी करने पर जोर दिया गया।
6. दुर्घटना बाहुल्य स्थलों का चिन्हांकन एवं सुधारात्मक कार्यवाही
परिवहन विभाग, यूपीईडा, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण एवं लोक निर्माण विभाग द्वारा अपने-अपने क्षेत्राधिकार के मार्गों पर दुर्घटना बाहुल्य स्थलों का चिन्हांकन कर प्रभावी कार्ययोजना तैयार किए जाने तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही किए जाने की समीक्षा की गई।
अनुपालन आख्या के अनुसार दुर्घटना बाहुल्य स्थलों का चिन्हांकन कर दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही की कार्ययोजना मार्ग निर्माण एजेंसियों द्वारा तैयार किया जाना अपेक्षित है, जिसमें परिवहन विभाग द्वारा आवश्यक सहयोग प्रदान किया जा रहा है।
7. बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर सड़क सुरक्षा, निगरानी एवं प्रवर्तन
बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर मानक विहीन वाहन, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन तथा बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने एवं सवारी करने वालों के विरुद्ध प्रभावी प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। एक्सप्रेसवे की सड़क सुरक्षा टीम एवं संबंधित सुरक्षा टीमों को नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध नियमित कार्यवाही सुनिश्चित करने हेतु सूचित किया गया है।
एक्सप्रेसवे पर प्रभावी निगरानी एवं प्रवर्तन हेतु आवश्यक स्थानों पर कैमरे स्थापित करने की कार्यवाही भी प्रगति पर है। अनुपालन आख्या के अनुसार कैमरे लगाने हेतु लाइन बिछाने का कार्य प्रगति पर है तथा एक्सप्रेसवे पर दो अथवा दो से अधिक दुर्घटनाएं घटित होने वाले किसी विशेष स्थान का चिन्हांकन नहीं पाया गया है।
8. दुर्घटना संभावित स्थलों एवं प्रमुख चौराहों पर यातायात व्यवस्था, अवैध पार्किंग एवं अतिक्रमण नियंत्रण
जनपद के चिन्हित दुर्घटना संभावित स्थलों एवं प्रमुख चौराहों पर नियमित यातायात व्यवस्था बनाए रखने, अवैध पार्किंग हटाने, अतिक्रमण नियंत्रण तथा यातायात सुचारु रखने हेतु निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। अवैध रूप से खड़े वाहनों को क्रेन एवं टोइंग वाहन के माध्यम से हटाया जा रहा है तथा संबंधित यातायात पुलिस द्वारा कार्यवाही का अभिलेखीकरण भी किया जा रहा है।
बैठक में निर्देश दिए गए कि दुर्घटना संभावित स्थलों एवं प्रमुख चौराहों पर नियमित निगरानी एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। अवैध पार्किंग एवं अतिक्रमण के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर मार्गों को अतिक्रमणमुक्त कराया जाए तथा यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वाले वाहनों एवं व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाए।
9. विद्यालयों में सड़क सुरक्षा जागरूकता एवं नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन पर रोक
शिक्षा विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर विद्यालयों में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। विद्यार्थियों को यातायात नियमों एवं सुरक्षित आवागमन के संबंध में जागरूक किया जा रहा है। विद्यालयों में छात्र-छात्राओं द्वारा जागरूकता रैली निकालकर सड़क सुरक्षा का संदेश दिया जा रहा है तथा इंटरमीडिएट तक के विद्यार्थियों द्वारा मोटरसाइकिल के उपयोग पर प्रभावी प्रतिबंध के लिए निरंतर चेकिंग की जा रही है।
अनुपालन आख्या के अनुसार विद्यालयों में प्रधानाध्यापकों के माध्यम से अभिभावकों को जागरूक किया जा रहा है कि वे अपने नाबालिग बच्चों को मोटर वाहन चलाने हेतु उपलब्ध न कराएं। विद्यालयों एवं कोचिंग संस्थानों तथा उनके आसपास विशेष निगरानी रखी जा रही है। नाबालिगों द्वारा वाहन चलाते पाए जाने पर नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित करने, विद्यालयों की प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने तथा विद्यालयों में नियमित चेकिंग कराने के निर्देश दिए गए हैं।
लोक निर्माण विभाग, निर्माण खंड-1 द्वारा भी अपने क्षेत्राधिकार के सभी प्रमुख मार्गों पर सड़क सुरक्षा संबंधी पोस्टर एवं जागरूकता संदेश लगाए जा रहे हैं। पोस्टरों के माध्यम से हेलमेट एवं सीट बेल्ट का प्रयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करना, नशे की स्थिति में वाहन न चलाना तथा सुरक्षित वाहन संचालन के प्रति आम जनमानस को जागरूक किया जा रहा है। विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा के दृष्टिगत आवश्यक सड़क संकेतक, रोड मार्किंग एवं दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही भी की जा रही है।
बैठक में सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया कि सड़क सुरक्षा पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित जागरूकता गतिविधियों को निरंतर जारी रखें तथा आपसी समन्वय से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, दुर्घटनाओं से होने वाली मृत्यु दर घटाने एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु प्रभावी कार्यवाही करें।
अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) द्वारा सड़क सुरक्षा को जनहित का महत्वपूर्ण विषय बताते हुए सभी संबंधित विभागों से अपने-अपने दायित्वों का प्रभावी निर्वहन करने, पूर्व बैठकों के निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने तथा जन-जागरूकता अभियान को निरंतर जन-जन तक पहुंचाने की अपेक्षा की गई।
सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें—स्वयं सुरक्षित रहें, दूसरों को सुरक्षित रखें तथा दुर्घटना मुक्त जनपद बनाने में सहयोग करें।