*तम्बाकू मुक्त युवा अभियान- 4.0″ का हुआ विधिवत शुभारंभ गोष्ठी के माध्यम से*

 

 

 

अनिल सक्सेना की रिपोर्ट

          बांदा।  जनपद में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशानुसार “तम्बाकू मुक्त युवा अभियान- 4.0” का विधिवत शुभारंभ एक गोष्ठी के माध्यम से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ० बिजेन्द्र सिंह द्वारा किया गया। यह विशेष अभियान आगामी 60 दिनों तक पूरे जनपद में चलाया जायेगा, जिसका मुख्य उद्देश्य युवाओं को तम्बाकू उत्पादों के चंगुल से बचाना और उन्हें एक स्वस्थ जीवन शैली के प्रति प्रेरित करना है।

अभियान की शुरुआत करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने गोष्ठी में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को ‘तम्बाकू न सेवन करने की शपथ दिलाई। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि माननीय प्रधानमंत्री जी के “नशा मुक्त भारत” के सपने को साकार करने और ‘विकसित भारत @ 2047’ के निर्माण के लिए हमारे युवाओं का स्वस्थ और व्यसन मुक्त होना अत्यंत आवश्यक है। तम्बाकू न केवल कैंसर जैसी जानलेवा बीमारियों का कारण बनता है, बल्कि यह युवाओं को अन्य गंभीर नशों की ओर धकेलने का पहला रास्ता भी है।

नोडल अधिकारी डॉ० मुकेश पहाड़ी द्वारा अवगत कराया गया कि “तम्बाकू मुक्त युवा अभियान-4.0” के अन्तर्गत जनपद में 60 दिवसीय विशेष अभियान चलाया जायेगा। जिसके अन्तर्गत नि०लि० गतिविधियों की जानी है-

1. सख्त प्रवर्तनः कोटपा अधिनियम 2003 (COTPA-2003) और ई-सिगरेट निषेध अधिनियम-2019 (PECA-2019) का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा। किसी भी शिक्षण संस्थान के 100 गज के दायरे में तम्बाकू बेचने वालों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जायेगी और चालान काटे जायेंगे।

2. तम्बाकू मुक्त शिक्षण संस्थानः शिक्षा विभाग के सहयोग से जनपद के सभी स्कूलों, कॉलेजों को सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार “तम्बाकू मुक्त शिक्षण संस्थान” घोषित किया जाएगा।

3. तम्बाकू मुक्त गाँवः पंचायती राज विभाग के सहयोग से ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता फैलाई जाएगी ताकि अधिक से अधिक गाँवों को तम्बाकू मुक्त घोषित किया जा सके।

4. व्यापक जागरूकता व नशा मुक्ति केन्द्र जनपद के समस्त सामुदायिक / प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों व जिला चिकित्सालय में नशा मुक्ति केन्द्रों को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा ताकि जो लोग इस लत को छोड़ना चाहते हैं, उन्हें उचित परामर्श और चिकित्सा सहायता मिल सके।

उपरोक्त अभियान के शुभारंभ के दौरान जनपद के समस्त सामुदायिक / प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के अधीक्षक / प्रभारी चिकित्साधिकारी, बी०पी०एन०, बी०सी०पी०एम० व कार्यालय के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सभी जनपद वासियों विशेषकर अभिभावकों, युवाओं और शिक्षकों से अपील की है कि वे इस अभियान को एक जन-आंदोलन बनाएं ताकि बच्चों के भविष्य को सुरक्षित किया जा सके।

तम्बाकू छोड़ने अथवा इस सम्बन्ध में किसी भी प्रकार की चिकित्सीय सहायता व मार्गदर्शन के लिये राष्ट्रीय तम्बाकू उन्मूलन टोल-फ्री हेल्पलाइन नं0- 1800-11-2356 पर भी सम्पर्क किया जा सकता है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *