उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को मिली बड़ी सौगात

         सनत कुमार बुधौलिया 

उरई ।

दीपावली के पावन पर्व पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को बड़ी सौगात देते हुए प्रदेश सरकार द्वारा रसोई गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मा० मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी ने लोक भवन, लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत 1500 करोड़ रुपये की धनराशि से उत्तर प्रदेश के 1.89 करोड़ से अधिक पात्र परिवारों को गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी का वितरण किया।

जनपद जालौन में कार्यक्रम का सजीव प्रसारण विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मा० जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ० घनश्याम अनुरागी, मा० विधायक सदर गौरीशंकर वर्मा, मा० विधायक माधौगढ़ मूलचन्द्र निरंजन, जिलाधिकारी समीर, परियोजना निदेशक अखिलेश तिवारी, जिला पूर्ति अधिकारी सहित गणमान्य नागरिक व लाभार्थी उपस्थित रहे। सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों व लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री के संबोधन को देखा और सुना।

कार्यक्रम में लाभार्थियों को मा० जनप्रतिनिधिगण व अधिकारियों द्वारा चेक वितरण किया गया।

इस अवसर पर मा० जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ० घनश्याम अनुरागी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाली महत्वपूर्ण योजना है। इस योजना के माध्यम से महिलाओं को धुएं से मुक्ति दिलाकर स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराया जा रहा है। दीपावली जैसे पावन पर्व पर पात्र परिवारों को गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी प्रदान करना सरकार की जनकल्याणकारी सोच और गरीबों के प्रति संवेदनशीलता को दर्शाता है।

मा० विधायक सदर गौरीशंकर वर्मा ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार निरंतर गरीबों, महिलाओं और जरूरतमंद परिवारों के हित में योजनाएं संचालित कर रही हैं। उज्ज्वला योजना से महिलाओं को रसोई में धुएं से राहत मिली है तथा उनके स्वास्थ्य और जीवन स्तर में सुधार हुआ है। सब्सिडी मिलने से त्योहार के अवसर पर परिवारों को आर्थिक राहत मिलेगी।

मा० विधायक माधौगढ़ मूलचन्द्र निरंजन ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में सरकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उज्ज्वला योजना के माध्यम से करोड़ों परिवार लाभान्वित हो रहे हैं। दीपावली पर गैस रिफिल सब्सिडी का वितरण गरीब परिवारों के लिए विशेष राहत का कार्य है।

जिलाधिकारी समीर ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनपद में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जा रहा है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत पात्र परिवारों को गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी का लाभ दिलाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।

[

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *