*विधायक भूलन सिंह मरावी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को किया सम्मानित, प्रशस्ति पत्र भी प्रदान किए*

 

शिव शर्मा की रिपोर्ट 

*सूरजपुर/प्रेमनगर।* दसवीं एवं बारहवीं बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने की पहल के तहत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोटेया के चार विद्यार्थियों को 25-25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि का चेक प्रदान किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रेमनगर मिडिल स्कूल मैदान में प्रस्तावित कार्यक्रम 28/10/2026 के दौरान प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी ने अपने हाथों से मेधावी विद्यार्थियों को चेक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया|
बता दें कि विधायक भूलन सिंह मरावी ने प्रेमनगर में दसवीं एवं बारहवीं बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 25-25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की थी। इसी घोषणा के तहत प्रेमनगर विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

*कोटेया के विद्यार्थियों ने बढ़ाया विद्यालय का मान*

शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोटेया के कक्षा बारहवीं के छात्र प्रवीण सिरदार ने 91.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रेमनगर विकासखंड में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं कक्षा दसवीं में विद्यालय के छात्र गुलशन ने 93.10 प्रतिशत, कु. आसमा ने 90.30 प्रतिशत तथा कु. डिंकल सिरदार ने 90.30 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय को गौरवान्वित किया। इन चारों विद्यार्थियों को 25-25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि के चेक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

*विकासखंड के अन्य मेधावी विद्यार्थी भी हुए सम्मानित*

प्रेमनगर विकासखंड के अन्य विद्यालयों के मेधावी विद्यार्थियों को भी उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। इनमें शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चंदननगर की कु. दीपा राजवाड़े ने 95.50 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पूरे विकासखंड में प्रथम स्थान हासिल किया। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय (सेजस), प्रेमनगर की कु. ममता रानी ने 94.50 प्रतिशत तथा कु. प्रीति साहू ने 93 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। इसी प्रकार शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नवापारा कला की कु. प्रीति साहू ने 93.50 प्रतिशत एवं कु. प्रतिज्ञा दास ने 91.10 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इन विद्यार्थियों को भी 25-25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि के चेक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

*विद्यालय परिवार ने जताया हर्ष*

मेधावी विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से कोटेया विद्यालय के प्राचार्य लीनू मिंज, व्याख्याता कृष्ण कुमार ध्रुव, नवापारा प्राचार्य आलोक भट्टाचार्य, बालक प्राचार्य आर. पात्रे, चंदननगर प्राचार्य धनेन्द्र राजपूत, सेजस प्राचार्य आर. बी. सिंह में हर्ष है। विद्यार्थियों की सफलता से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। शिक्षकों ने विद्यार्थियों की मेहनत, लगन और अनुशासन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी अशोक सिन्हा, सहायक संचालक (शिक्षा) अजय सिंह, जिला मिशन समन्वयक मनोज साहू, प्रेमनगर विकासखंड शिक्षा अधिकारी प्रताप पैकरा, बीआरसी राजेश कुजूर, सीएसी मुकेश दुबे, रामलल्लू साहू एवं संजय जायसवाल सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

मेधावी विद्यार्थियों को मिली यह प्रोत्साहन राशि उनकी मेहनत और शैक्षणिक उपलब्धियों का सम्मान है। साथ ही यह पहल अन्य विद्यार्थियों को भी बेहतर प्रदर्शन करने तथा अपने विद्यालय, परिवार एवं क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *