सोनू करबरिया की रिपोर्ट
खेती-किसानी कर परिवार पालता था द्वारिका, आजीविका का एकमात्र सहारा छिनने से रोजी-रोटी का संकट; एसपी से लगाई गुहार, अब तक नहीं हुई बरामदगी
नरैनी (बांदा)। पनगरा निवासी 40 वर्षीय द्वारिका का ट्रैक्टर चोरी हुए 26 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका है। पीड़ित के अनुसार, 03 अक्टूबर की रात त्रिपाठी मैरिज हाल से उसका स्वराज 735 न्यू मॉडल ट्रैक्टर चोरी हो गया था। मामले में 04 अक्टूबर को पुलिस को सूचना दी गई थी, जिसके बाद एफआईआर संख्या 0273 दर्ज की गई। इसके बावजूद ट्रैक्टर बरामद न होने से पीड़ित परेशान है।
द्वारिका ने बताया कि ट्रैक्टर संख्या UP90AJ1956 ही उसकी आजीविका का एकमात्र साधन था। वह ट्रैक्टर को खेती-किसानी के कार्यों में लगाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। ट्रैक्टर चोरी होने के बाद उसके सामने परिवार की रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।
पीड़ित के मुताबिक, जिस स्थान से ट्रैक्टर चोरी हुआ, वहां त्रिपाठी मैरिज हाल में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। हालांकि, फुटेज में एक पेड़ आड़े आने के कारण ट्रैक्टर ले जाने वालों के चेहरे स्पष्ट नहीं दिखाई दे सके। पीड़ित का आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद भी पुलिस की ओर से अब तक ऐसी कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, जिससे ट्रैक्टर की बरामदगी हो सके।
न्याय की उम्मीद में द्वारिका पुलिस अधीक्षक से भी मिला, लेकिन उसका कहना है कि अभी तक उसे केवल आश्वासन ही मिला है। पीड़ित ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि किसी प्रभावशाली व्यक्ति या संपन्न परिवार का ट्रैक्टर चोरी हुआ होता तो शायद अब तक पुलिस उसे बरामद करने में पूरी ताकत लगा चुकी होती।
अब सवाल यह है कि जब मुकदमा दर्ज है और घटनास्थल पर सीसीटीवी कैमरे भी लगे हैं, तो आखिर ट्रैक्टर की बरामदगी में इतनी देरी क्यों हो रही है?
पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मामले में हस्तक्षेप कर विशेष टीम गठित करने, आसपास के क्षेत्रों में ट्रैक्टर की तलाश कराने और जल्द से जल्द ट्रैक्टर बरामद कराने की मांग की है। अब देखना है कि पुलिस प्रशासन पीड़ित की गुहार पर कब कार्रवाई करता है।