ब्रजेश उदैनियाँ की रिपोर्ट
उरई। जिलाधिकारी समीर ने कलेक्ट्रेट सभागार से जनपद के समस्त नगर निकायों एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों के साथ वर्चुअल समीक्षा बैठक कर विशेष सफाई अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान को पूरी गंभीरता और व्यापकता के साथ चलाया जाए, ताकि नगरीय क्षेत्रों में कहीं भी गंदगी दिखाई न दे और स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित हो सके।जिलाधिकारी ने बाजारों, धार्मिक स्थलों, मुख्य मार्गों, चौराहों, नालियों, सार्वजनिक स्थलों तथा महापुरुषों की मूर्तियों के आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केवल प्रमुख स्थानों तक ही अभियान सीमित न रहे, बल्कि भीतरी एवं आवासीय क्षेत्रों की गलियों में भी व्यापक स्तर पर साफ-सफाई कराई जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान के दौरान उपलब्ध सभी आवश्यक संसाधनों का प्रभावी उपयोग किया जाए तथा सफाई के बाद एकत्रित कचरे का निर्धारित नियमों एवं पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सफाई कार्य की नियमित निगरानी करने तथा कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए, ताकि अभियान का वास्तविक प्रभाव धरातल पर दिखाई दे। जिलाधिकारी ने कहा कि विशेष सफाई अभियान को जनभागीदारी से और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। इसी क्रम में यदि किसी वार्ड, मोहल्ले अथवा क्षेत्र में सफाई नहीं हुई है या कहीं गंदगी पड़ी है तो आम नागरिक इसकी सूचना देकर प्रशासन का सहयोग कर सकते हैं। नागरिक मोबाइल नंबर 9936256363 पर फोन कर अपने क्षेत्र की सफाई संबंधी जानकारी दे सकते हैं, ताकि संबंधित अधिकारी को तत्काल अवगत कराकर आवश्यक कार्रवाई एवं सफाई सुनिश्चित कराई जा सके।उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान किए जा रहे सफाई कार्यों और उसके परिणामों को जनसामान्य तक पहुंचाया जाए, जिससे नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़े और स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ नगरीय वातावरण के निर्माण में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित हो।