*बांदा में कैनन की भव्य फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी कार्यशाला संपन्न*

 

       अनिल सक्सेना की रिपोर्ट

_लाइव ब्राइडल शूट के माध्यम से फोटोग्राफरों को सिखाईं आधुनिक तकनीकें, आधा सैकड़ा से अधिक फोटोग्राफरों ने लिया प्रशिक्षण_

**बांदा।** फोटोग्राफी की बदलती तकनीकों, आधुनिक कैमरों की खूबियों और बेहतर फोटोग्राफी एवं सिनेमैटोग्राफी के गुर सिखाने के उद्देश्य से फोटोग्राफर एसोसिएशन उत्तर प्रदेश (PAUP) के तत्वावधान में विश्व प्रसिद्ध जापानी कैमरा कंपनी कैनन की एक दिवसीय फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी कार्यशाला का आयोजन होटल एसएस रेजीडेंसी, बांदा में किया गया। कार्यशाला फोटोग्राफर एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष एवं मंडल प्रभारी सुनील सक्सेना के नेतृत्व में संपन्न हुई।

कार्यशाला में लखनऊ एवं दिल्ली से आए कैनन एक्सपर्ट अमित सक्सेना और सिनेमा एक्सपर्ट अमित अरोड़ा ने उपस्थित फोटोग्राफरों को आधुनिक कैमरों के विभिन्न फीचर्स, सेटिंग्स, फोकस सिस्टम, लेंस की उपयोगिता, एक्सपोजर, लाइटिंग, एंगल, कंपोजिशन तथा फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी की बारीकियों की विस्तार से जानकारी दी। विशेषज्ञों ने लाइव ब्राइडल शूट के माध्यम से दुल्हन की आकर्षक तस्वीरें लेने, सही लाइट का चयन करने, कैमरा सेटिंग्स, पोजिशनिंग, सिनेमैटिक वीडियो शूट और शानदार फ्रेम तैयार करने की तकनीकों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया।

विशेषज्ञों ने बताया कि बेहतरीन फोटोग्राफी केवल महंगे कैमरे से नहीं, बल्कि फोटोग्राफर की तकनीकी समझ, रचनात्मक सोच, प्रकाश के सही इस्तेमाल और कैमरे की खूबियों की जानकारी से संभव होती है। लाइव डेमो के दौरान फोटोग्राफरों को अलग-अलग परिस्थितियों में बेहतर तस्वीरें और वीडियो तैयार करने के तरीके भी सिखाए गए। साथ ही उपस्थित फोटोग्राफरों की तकनीकी समस्याओं और सवालों का समाधान भी किया गया।

कार्यशाला में जनपद के वरिष्ठ फोटोग्राफर रमेश चन्द्र चौरसिया ने फोटोग्राफी की मूलभूत विधाओं एवं अनुभव से जुड़े महत्वपूर्ण मंत्र साझा किए। उन्होंने फोटोग्राफरों को कैमरे की तकनीकी जानकारी के साथ-साथ अपनी कला, दृष्टिकोण और कार्यशैली में निरंतर सुधार करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर फोटोग्राफर एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष एवं मंडल प्रभारी सुनील सक्सेना ने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के फोटोग्राफरों को आधुनिक तकनीक, नए कैमरों और फोटोग्राफी की नवीनतम विधाओं से प्रशिक्षित करना है। संगठन समय-समय पर कार्यशालाओं एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन करता रहता है, ताकि फोटोग्राफर बदलती तकनीक के साथ कदम से कदम मिलाकर चल सकें और अपने ग्राहकों को बेहतर गुणवत्ता की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी उपलब्ध करा सकें। उन्होंने कहा कि संगठन फोटोग्राफरों को नए आयामों से जोड़ने और अपने जनपद व प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए निरंतर संकल्पित है।

कार्यशाला में बांदा जनपद के आधा सैकड़ा से अधिक फोटोग्राफरों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। सभी प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण से प्राप्त तकनीकी जानकारियों को आगामी वैवाहिक एवं अन्य आयोजनों में अपनाकर अपने ग्राहकों को और अधिक सुंदर, आकर्षक एवं गुणवत्तापूर्ण फोटो-वीडियो उपलब्ध कराने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में रमेश चन्द्र चौरसिया, अमृत लाल गुप्ता, राधेश्याम साहू, राजेश गुप्ता, अजहर खान, आदित्य, दीपक, राजा, रोहित, गौरव सक्सेना, मयंक तिवारी, अजय प्रजापति, अंशु साहू, धीरेंद्र कुमार गुप्ता (रिंकू), इरशाद, प्रवीण साहू, राकेश कुमार गुप्ता, उदयभान दीक्षित, राहुल द्विवेदी, आदित्य कुमार, सौरभ शर्मा, नितिन गर्ग, शुभम यादव, सूरज पांडेय, मोहम्मद शफीक, रवि अवस्थी, अमित, राजेश कुमार सहित ब्राइडल मॉडल मोनिका गुप्ता एवं अनेक फोटोग्राफर मौजूद रहे।

**कार्यशाला ने बांदा के फोटोग्राफरों को आधुनिक फोटोग्राफी, ब्राइडल शूट और सिनेमैटिक वीडियोग्राफी की नई तकनीकों से रूबरू कराते हुए उनके हुनर को निखारने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया।**

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *