*हीरा मॉडल एवं हीरा इस्लामिया इंटर कॉलेज की 30वीं वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ*

 

    अनिल सक्सेना की रिपोर्ट

बांदा। नरैनी रोड स्थित हीरा मॉडल एवं हीरा इस्लामिया इंटर कॉलेज में मंगलवार, 17 नवंबर 2026 को 30वीं वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि एवं पूर्व हॉकी ओलंपियन श्री सैयद अहमद मगरबी ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर खेल भावना, उत्साह और उमंग से सराबोर नजर आया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में विद्यालय के उपप्रधानाचार्य चांद बाबू ने मुख्य अतिथि एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों का बैज अलंकरण कर स्वागत एवं सम्मान किया। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने आकर्षक मार्च पास्ट (परेड) प्रस्तुत कर अतिथियों का झंडों के माध्यम से अभिनंदन किया। अनुशासन, एकता और खेल भावना से ओतप्रोत इस शानदार परेड ने सभी का मन मोह लिया।

मुख्य अतिथि सैयद अहमद मगरबी ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि खेल को केवल समय व्यतीत करने के लिए नहीं खेलना चाहिए, बल्कि खेल के माध्यम से अपना नाम और पहचान बनाने का लक्ष्य रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। खिलाड़ी अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के बल पर इन योजनाओं का लाभ उठाकर बेहतर भविष्य बना सकते हैं।

इसके बाद मुख्य अतिथि ने सिक्का उछालकर विद्यालय की खो-खो प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में येलो ग्रुप की बालिकाओं ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए कड़े मुकाबले में ब्लू ग्रुप की बालिकाओं को फाइनल में पराजित कर जीत हासिल की। खिलाड़ियों के उत्साह और शानदार प्रदर्शन पर उपस्थित लोगों ने तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा विद्यालय के राज्य स्तरीय, मंडलीय एवं जनपद स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पूर्व हॉकी खिलाड़ी एवं शारीरिक शिक्षक खानकाह इंटर कॉलेज बांदा के श्री शाहिद वली खान, मंडलीय सचिव एवं शारीरिक शिक्षक आदर्श बजरंग इंटर कॉलेज के श्री रमेशचंद्र, कबड्डी कोच श्री बाबा फरीद, राष्ट्रीय खिलाड़ी प्रद्युम्न सिंह, एनआईएस कोच सलमान हाश्मी एवं शुभम सिंह उपस्थित रहे।

विशेष रूप से विद्यालय के शारीरिक शिक्षक अशोक कुमार को उनके खेल क्षेत्र में योगदान के लिए मेडल, प्रशस्ति पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।

खेल समारोह के साथ-साथ विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा आकर्षक विज्ञान प्रदर्शनी भी लगाई गई। विद्यालय के शिक्षक महेश पाल, शिक्षिका रफत बेगम एवं सोमी अली ने अतिथियों को प्रदर्शनी का अवलोकन कराया। विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न विज्ञान मॉडलों एवं नवाचारों को देखकर अतिथियों ने उनकी प्रतिभा की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रतिभाशाली छात्र-छात्राएं ही आगे चलकर विद्यालय, जनपद, प्रदेश और देश का नाम रोशन करते हैं।

विद्यालय के शारीरिक शिक्षक अशोक कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि 30वीं वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता का समापन 21 नवंबर 2026 को होगा। प्रतियोगिता के आगामी दिनों में क्रिकेट, बैडमिंटन, कबड्डी, विभिन्न प्रकार की दौड़ एवं अन्य खेलकूद प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती मरयम खान ने मुख्य अतिथि एवं सभी विशिष्ट अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय के शिक्षक राहुल रावत ने किया। वहीं व्यवस्थाओं में उपप्रधानाचार्या सालेहा खान एवं विद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई।

30वीं वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता का यह शुभारंभ विद्यार्थियों में खेल प्रतिभा, अनुशासन, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *