शिव शर्मा की रिपोर्ट
मोहला, 4 नवंबर 2026। जनजातीय गौरव सप्ताह के आयोजन के तहत जिले में जनजातीय गौरव ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन 5 नवंबर 2026 को किया जाएगा। कार्यालय आयुक्त, आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास, नवा रायपुर के निर्देशानुसार आयोजित इस प्रतियोगिता में कक्षा एवं श्रेणी के अनुसार पंजीकृत विद्यार्थी शामिल होंगे। प्रतियोगिता का आयोजन शासकीय नवीन महाविद्यालय मोहला में प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक किया जाएगा।
प्रतियोगिता में शामिल होने वाले सभी पंजीकृत विद्यार्थियों को निर्धारित समय से पूर्व परीक्षा केंद्र में उपस्थित होना अनिवार्य है। विद्यार्थियों को अपने साथ आधार कार्ड, विद्यालय परिचय पत्र अथवा छात्रावास परिचय पत्र में से कोई एक पहचान पत्र लाना होगा। बिना पहचान पत्र के परीक्षा में शामिल होने में परेशानी हो सकती है।
उल्लेखनीय है कि 11 नवंबर से 18 नवंबर 2026 तक जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जाएगा। इसके अंतर्गत जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति, परंपराओं, महापुरुषों के योगदान एवं जनजातीय विरासत के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। जनजातीय गौरव ज्ञान प्रतियोगिता भी इसी उद्देश्य की एक महत्वपूर्ण पहल है।