अनिल सक्सेना की रिपोर्ट
बांदा। डी.ए.वी. इंटर कॉलेज, बांदा में आज ब्लॉक स्तरीय मिनी बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष मालती बासु ने किया। इस अवसर पर उन्होंने नन्हे खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता में विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। दौड़, कूद सहित विभिन्न खेल स्पर्धाओं में बच्चों ने अपनी प्रतिभा, फुर्ती और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। खेल मैदान में बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका हौसला बढ़ाया।
इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि खेलकूद प्रतियोगिताएं बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इनके माध्यम से बच्चों में शारीरिक और मानसिक क्षमता के विकास के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता तथा टीम भावना का भी संचार होता है। ऐसी प्रतियोगिताएं ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे आने का बेहतर मंच प्रदान करती हैं।
नगर पालिका अध्यक्ष मालती बासु ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि खेलों में प्रतिभाग करना अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। प्रतियोगिता ने बच्चों में खेलों के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह का संचार किया।