*बाल दिवस पर कोटेया विद्यालय में खेलकूद के साथ सजा बाल मेला*

 

शिव शर्मा की रिपोर्ट

 

*सूरजपुर/ प्रेमनगर:-* पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती एवं बाल दिवस के अवसर पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोटेया में हर्षोल्लास के साथ विविध शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं खेलकूद गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। छात्रों को बाल मेला हेतु प्राचार्य लीनू मिंज, व्याख्याता कृष्ण कुमार ध्रुव, मालिक भारद्वाज, प्रदीप दास, जमुना राम राजवाड़े, कपिल राजवाड़े, गोपाल प्रसाद मैत्री, रीता बर्मन, तुलसिंह कंवर, प्रदीप मरावी, जितेन्द्र गबेल, देवानंद भारद्वाज, विशाल साव आदि ने बाल मेला हेतु प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित खेलकूद एवं अन्य प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इससे विद्यार्थियों में उत्साह, आत्मविश्वास एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा मिला।

*बाल मेले में दिखी बच्चों की उद्यमशीलता*

बाल दिवस समारोह का विशेष आकर्षण बाल मेला रहा, जिसमें विद्यार्थियों ने स्वयं विभिन्न खाद्य सामग्रियों के स्टॉल लगाए। इन स्टॉलों पर ब्रेड चाप, आलू चाप, भजिया, मैगी सहित अनेक स्वादिष्ट व्यंजनों का विक्रय किया गया। विद्यार्थियों ने न केवल खाद्य सामग्री तैयार करने एवं बेचने में रुचि दिखाई, बल्कि ग्राहकों से संवाद, वस्तुओं का मूल्य निर्धारण, बिक्री एवं लेन-देन जैसे व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त किए।

*विद्यार्थियों में व्यावसायिक कौशल, उद्यमशीलता, आर्थिक समझ, आत्मनिर्भरता हेतु बाल मेला:- ध्रुव*

व्याख्याता कृष्ण कुमार ध्रुव ने कहा बाल मेले का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में व्यावसायिक कौशल, उद्यमशीलता, आर्थिक समझ, आत्मनिर्भरता एवं समूह में कार्य करने की क्षमता विकसित करना था। इस गतिविधि के माध्यम से बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ वास्तविक जीवन के व्यावहारिक अनुभव प्रदान करने का सराहनीय प्रयास किया गया। विद्यालय परिवार का मानना है कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभाओं को निखारने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, रचनात्मकता एवं भविष्य में स्वरोजगार के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बाल दिवस का यह आयोजन बच्चों के लिए मनोरंजन, सीखने और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का यादगार अवसर बना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *