शिव शर्मा के साथ रामेश्वर यादव की रिपोर्ट
मोहला 8 जनवरी 2026। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में जिले के धान उपार्जन केन्द्रों पर तेजी से धान खरीदी का कार्य जारी है। शासन द्वारा समर्थन मूल्य पर की जा रही धान खरीदी किसानों के लिए केवल उपज बेचने का माध्यम नहीं, बल्कि उनके सपनों को साकार करने का मजबूत आधार बन रही है। इसी व्यवस्था का प्रत्यक्ष लाभ अम्बागढ़ चौकी विकासखंड के ग्राम जरßहाटोला निवासी किसान श्री जीतेन्द्र तारम को मिला है।
किसान जीतेन्द्र तारम ने धान उपार्जन केन्द्र मोहला में कुल 54 क्विंटल धान की बिक्री की। उन्होंने बताया कि शासन द्वारा 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी किए जाने से उन्हें उनकी फसल का पूरा और उचित मूल्य प्राप्त हुआ। इस व्यवस्था से किसानों को बाजार के उतार-चढ़ाव से मुक्त होकर सुरक्षित आमदनी सुनिश्चित हो रही है।
श्री तारम ने बताया कि उन्होंने स्वयं अपने मोबाइल फोन से ऑनलाइन टोकन कटवाया और बिना किसी परेशानी के घर बैठे टोकन प्राप्त कर लिया। इससे समय और संसाधनों की बचत हुई तथा पूरी प्रक्रिया आसान और पारदर्शी रही। उन्होंने कहा कि इस वर्ष धान बिक्री से प्राप्त राशि का उपयोग वे अपने बच्चों की शिक्षा पर करेंगे, ताकि उन्हें बेहतर भविष्य मिल सके। इसके साथ ही खेती-किसानी से जुड़ी आवश्यकताओं और घरेलू जरूरतों को भी इसी आय से पूरा करेंगे। उनका मानना है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी से शासन के प्रति किसानों का भरोसा और मजबूत हुआ है। धान उपार्जन केन्द्र की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए श्री तारम ने बताया कि केन्द्र में बारदाने की पर्याप्त उपलब्धता है, इलेक्ट्रॉनिक तौल की पारदर्शी व्यवस्था है तथा खरीदी की राशि सीधे ऑनलाइन खाते में अंतरित की जा रही है। उन्होंने कहा कि धान उपार्जन केन्द्र मोहला में किसानों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। किसान श्री तारम ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार प्रकट किया।
*क्रमांक-01/22 आर्य —-*
