निःशुल्क प्रतियोगी परीक्षा कक्षा से दो वर्षों में 10 से अधिक विद्यार्थियों का चयन, कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम ने विद्यार्थियों को दी शुभकामनाएं*

 

      शिव शर्मा की रिपोर्ट

मोहला । जिले के सुदूर ग्रामीण अंचलों के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मोहला विकासखंड के शिक्षकों द्वारा पिछले दो वर्षों से निःशुल्क कक्षा का संचालन किया जा रहा है। इस पहल के माध्यम से अब तक 10 से अधिक विद्यार्थियों का विभिन्न पदों पर चयन हो चुका है। इनमें नगर सैनिक, पुलिस कांस्टेबल एवं फायरमैन के पदों पर चयनित युवा शामिल हैं।

ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पर्याप्त संसाधन एवं कोचिंग सुविधाएं उपलब्ध नहीं होने के कारण विद्यार्थियों को अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में शिक्षकों की यह पहल जरूरतमंद एवं प्रतिभाशाली युवाओं को निःशुल्क शिक्षा, मार्गदर्शन और आगे बढ़ने का अवसर प्रदान कर रही है।

इस निःशुल्क कक्षा में श्री नरेंद्र कुमार देवांगन, श्री रवि कुमार श्रीवास, श्रीमती मीनू रमन एवं श्रीमती मंजू ताराम द्वारा विद्यार्थियों को निःशुल्क शिक्षण एवं मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है। शिक्षकों का उद्देश्य आर्थिक एवं भौगोलिक कठिनाइयों के कारण पीछे रह जाने वाले युवाओं को उचित मार्गदर्शन देकर रोजगार के बेहतर अवसरों से जोड़ना है।

इसी क्रम में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों एवं विभिन्न पदों पर चयनित विद्यार्थियों ने कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान विद्यार्थियों ने निःशुल्क कक्षा से मिल रहे मार्गदर्शन एवं इसके सकारात्मक परिणामों की जानकारी दी। कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों को इसी तरह मेहनत, लगन एवं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने तथा अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करते रहने के लिए प्रेरित किया।

मुलाकात के दौरान शिक्षकों ने निःशुल्क कक्षा के संचालन से जुड़ी आवश्यकताओं एवं समस्याओं से भी कलेक्टर को अवगत कराया। उन्होंने विद्यार्थियों के लिए बेहतर कक्ष व्यवस्था, बैठने की समुचित सुविधा तथा निःशुल्क अध्यापन कार्य में जुटे शिक्षकों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने की आवश्यकता बताई। इस पर जिला प्रशासन की ओर से आवश्यक सहयोग के संबंध में आश्वासन दिया गया।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *