सीमित संसाधनों में शिक्षिका अंजना ने पेश की मिसाल* *योग और जिमनास्टिक में चैंपियन बनीं परिषदीय विद्यालय की बेटियां*

♦   अनिल सक्सेना की रिपोर्ट

*बांदा: 17 नवंबर-* योगी सरकार की खेल प्रोत्साहन नीतियों और बुनियादी ढांचे में हुए सुधार का असर अब बुंदेलखंड के सुदूर ग्रामीण अंचलों में भी साफ दिखाई दे रहा है। बड़ोखर ब्लॉक स्थित कन्या जूनियर हाईस्कूल कनवारा की शिक्षिका अंजना ने सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी कड़ी मेहनत से परिषदीय विद्यालय की छात्राओं को योग और जिमनास्टिक का चैंपियन बना दिया है।

*विद्यालय में तनाती के बाद से ही अंजना ने उठाया यह बीड़ा*

वर्ष 2019 में विद्यालय में तैनाती के बाद से ही अंजना ने बालिकाओं के सर्वांगीण विकास का बीड़ा उठाया। यह क्षेत्र मुख्य रूप से खनन प्रभावित है. जहां पहले बच्चे पढ़ाई छोड़कर अपने माता-पिता के साथ मजदूरी करने को मजबूर थे। शिक्षा से दूर हो चुकी इन बेटियों को स्कूल से जोड़ने के लिए शिक्षिका अंजना ने खेल को माध्यम बनाया। स्कूल के खाली समय में उन्होंने छात्राओं को योग और जिमनास्टिक का प्रशिक्षण देना शुरू किया। खेल के प्रति आकर्षण के चलते बच्चियां नियमित रूप से स्कूल आने लगीं और धीरे-धीरे पठन-पाठन में भी अव्वल हो गईं।

*योगी सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए संसाधनों की बदौलत बेटियों नें किया नाम रोशन*

शिक्षिका के पांच वर्षों के अथक प्रयास और योगी सरकार द्वारा परिषदीय विद्यालयों को उपलब्ध कराए गए खेल संसाधनों की बदौलत आज ये बेटियां प्रदेश स्तर पर जिले का नाम रोशन कर रही हैं। अंजना नें बताया की विद्यालय की 6 सदस्यीय योग टीम और 5 सदस्यीय जिमनास्टिक टीम ने ब्लॉक, जिला और मंडल स्तर पर जीत का परचम लहराया है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी इन होनहार छात्राओं ने पहली बार में तीसरा स्थान, दूसरी बार में प्रथम स्थान और तीसरी बार में पुनः तीसरा स्थान प्राप्त कर राष्ट्रीय स्तर तक का सफर तय किया है।

इस मुहिम में विद्यालय के प्रधानाचार्य आशुतोष त्रिपाठी का भी सराहनीय योगदान रहा है जो अभिभावकों को जागरूक करने के साथ-साथ छात्राओं को घर से स्कूल लाने और ले जाने की जिम्मेदारी भी बखूबी निभा रहे हैं। छात्राओं की प्रतिभा निखारने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के इस उत्कृष्ट कार्य के लिए शिक्षिका अंजना को जिला स्तर पर कई बार सम्मानित भी किया जा चुका है।सरकार की मंशा के अनुरूप आज यह विद्यालय ग्रामीण बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की नई इबारत लिख रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *