सीतामऊ/नाहरगढ (तुलसीराम राठौर)–नगर में आयोजित पाँच दिवसीय 70वीं राज्य स्तरीय शालेय बास्केटबॉल प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबलों में भोपाल की टीम ने शानदार खेल कौशल, बेहतरीन तालमेल और दमदार प्रदर्शन के दम पर बालक एवं बालिका दोनों वर्गों में चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। भोपाल के खिलाड़ियों ने खिताबी मुकाबलों में अपना दबदबा कायम रखते हुए प्रतियोगिता में दोहरा खिताब अपने नाम किया।
बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबले में भोपाल और उज्जैन की टीमों के बीच रोमांचक भिड़ंत देखने को मिली। भोपाल की टीम ने शुरुआत से ही मुकाबले पर पकड़ बनाए रखी और शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 61 अंक अर्जित किए, जबकि उज्जैन की टीम 41 अंकों तक ही पहुंच सकी। भोपाल ने 20 अंकों के बड़े अंतर से जीत दर्ज कर बालिका वर्ग का खिताब अपने नाम किया। वहीं बालक वर्ग के फाइनल में भोपाल और जबलपुर के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। दोनों टीमों ने जीत के लिए पूरा दमखम लगाया, लेकिन निर्णायक क्षणों में भोपाल के खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल और सटीक निशानेबाजी के दम पर मुकाबले का रुख अपने पक्ष में कर लिया। भोपाल ने 53-47 के स्कोर से जबलपुर को 6 अंकों से पराजित कर बालक वर्ग की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। जबलपुर को उपविजेता के खिताब से संतोष करना पड़ा।
नगर में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबलों ने खेल प्रेमियों में उत्साह और रोमांच का माहौल बना दिया। भोपाल के दोहरे खिताबी प्रदर्शन ने प्रतियोगिता को यादगार बना दिया, वहीं खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं, समापन अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष दुर्गाविजय पाटीदार,नगर परिषद अध्यक्ष मनोज शुक्ला,नगर परिषद उपाध्यक्ष सुमित रावत तथा जनप्रतिनिधिगण व जननेता और
जिला क्रीड़ा अधिकारी घासीलाल जोगचंद, खेल प्रभारी महेंद्र शुक्ला, प्राचार्य रंजन कुमार पांडे एवं समस्त खेल शिक्षक एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे ,रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ पुरस्कार वितरण एवं ट्रॉफी वितरण का आयोजन भी किया गया । सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों के उज्जवल भविष्य की कामना की एवं खेलो में मध्यप्रदेश का नाम इसी तरह बढ़ाते रहने का खिलाड़ियों से आग्रह किया । राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 1 नवंबर से 5 नवंबर तक आयोजित की गई जिसमें संभाग की 10 टीमो ने भाग लिया।