सनत कुमार बुधौलिया
उरई। दीपावली के पावन पर्व से पहले वृद्धाश्रम में खुशियों, स्नेह और अपनत्व के दीप जगमगा उठे। ‘हमारी उम्मीद मिशन’ के तहत आयोजित दीपोत्सव कार्यक्रम में जिलाधिकारी समीर व पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने वृद्धाश्रम पहुंचकर बच्चों और बुजुर्गों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। इस अवसर पर बच्चों और बुजुर्गों ने एक-दूसरे के साथ मिलकर दीप प्रज्वलित किए। जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने भी सभी के साथ दीप जलाकर उत्सव को यादगार बनाया। कार्यक्रम का सबसे भावुक और सुखद क्षण तब देखने को मिला, जब वृद्धाश्रम में रह रहे दादा-दादियों ने बच्चों को स्नेहपूर्वक उपहार भेंट किए। उपहार पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी खिल उठी, वहीं बच्चों के बीच समय बिताकर बुजुर्गों के चेहरों पर भी मुस्कान बिखर गई। दीपों की जगमगाहट के बीच पीढ़ियों का यह अनूठा मिलन आत्मीयता, संवेदनशीलता और पारिवारिक अपनत्व का संदेश दे गया। हमारी उम्मीद मिशन की यह पहल बच्चों को बुजुर्गों के प्रति सम्मान, संवेदना और सेवा भाव की प्रेरणा देने के साथ ही उन्हें समाज के अनुभवों और आशीर्वाद से जोड़ने का सार्थक प्रयास है। जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने सभी के साथ समय बिताते हुए दीपावली की शुभकामनाएं दीं।