अनिल सक्सेना की रिपोर्ट
*बांदा:।-* मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप प्रदेश के युवाओं को स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बनाने की मुहिम बांदा में धरातल पर उतरती दिखाई दी है । निदेशक, सेवायोजन निदेशालय उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में ‘उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन’ के अंतर्गत गुरुवार को क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय द्वारा वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। शहर के पंडित जे.एन. डिग्री कॉलेज के प्रांगण में आयोजित इस एक दिवसीय मेले में रोजगार की चाह रखने वाले युवाओं का भारी हुजूम उमड़ पड़ा।
*दीपावली से पहले मिला युवाओ को रोजगार का तोहफा*
रोजगार मेले में मुख्य अतिथियों ने योगी सरकार की जमकर सराहना की और कहा कि सरकार की अच्छी नीतियों के कारण ही आज देश-विदेश की प्रतिष्ठित कंपनियां युवाओं के दरवाजे तक रोजगार लेकर आ रही हैं और दीपावली से पहले रोजगार का एक बड़ा तोहफा दिया है।
*देश-प्रदेश की 17 कंपनियों नें की शिरकत*
इस एक दिवसीय वृहद मेले में उत्तर प्रदेश और राज्य के बाहर की लगभग 17 प्रतिष्ठित कंपनियों ने शिरकत की। मेले में अपनी किस्मत आजमाने और एक बेहतर भविष्य की उम्मीद लिए लगभग 800 बेरोजगार अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराकर प्रतिभाग किया। कंपनियों के प्रतिनिधियों ने विभिन्न पदों के लिए युवाओं की योग्यता को परखा और साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी की। जिसमें कुल 573 बेरोजगार अभ्यर्थियों को विभिन्न पदों के लिए चयनित कर उनके हाथों में रोजगार की सौगात सौंपी गई। नौकरी मिलते ही युवाओं के चेहरे खिल उठे और उन्होंने इस पारदर्शी व्यवस्था के लिए सूबे की सरकार का आभार जताया।