डीएम व एसपी ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर परखी व्यवस्थाएं, सीसीटीवी कैमरों से रखी गई कड़ी निगरानी* 

 

  सनत कुमार बुधौलिया की रिपोर्ट

उरई।   प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET)-2026 को नकलविहीन, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। शुक्रवार को जनपद के 12 परीक्षा केंद्रों पर दूसरे दिन की परीक्षा दोनों पालियों में शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। जिलाधिकारी समीर व पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी और परीक्षार्थियों के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से हो रही निगरानी, कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली, परीक्षा कक्षों की व्यवस्था तथा पेयजल एवं शौचालय जैसी आवश्यक सुविधाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने परीक्षा की शुचिता बनाए रखने और सभी व्यवस्थाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनपद में परीक्षा के लिए कुल 12 केंद्र बनाए गए हैं। दूसरे दिन प्रत्येक पाली में 4,992 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। प्रथम पाली में 3,519 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 1,473 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस प्रकार प्रथम पाली में 70.49 प्रतिशत अभ्यर्थियों की उपस्थिति दर्ज की गई। वहीं द्वितीय पाली में 3,488 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए तथा 1,504 अनुपस्थित रहे। इस पाली में 69.87 प्रतिशत उपस्थिति रही। इस प्रकार दोनों पालियों को मिलाकर कुल 7,007 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में प्रतिभाग किया। जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा केंद्रों पर सतत निगरानी, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और व्यवस्थाओं के नियमित निरीक्षण के चलते जनपद में PET-2026 के दूसरे दिन की परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *