शिव शर्मा की रिपोर्ट
मोहला 30 अक्टूबर 2026। जिला प्रशासन के निर्देशानुसार तथा लीड बैंक मैनेजर, बैंक ऑफ बड़ौदा, मोहला के मार्गदर्शन में जिले में वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान के अंतर्गत विभिन्न ग्राम पंचायतों में विशेष जागरूकता शिविरों का आयोजन किया गया। अभियान के तहत आज जिले की चार ग्राम पंचायतों में शिविर आयोजित कर ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं, शासकीय वित्तीय योजनाओं, बीमा, पेंशन एवं वित्तीय साक्षरता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
अभियान के अंतर्गत विकासखंड मोहला की ग्राम पंचायत चपटाटोला, मानपुर की ग्राम पंचायत चावेला तथा विकासखंड अंबागढ़ चौकी की ग्राम पंचायत बांधा बाजार और भड़सेना में शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया तथा बैंकिंग सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। इस दौरान ग्रामीणों को प्रधानमंत्री जन-धन योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना तथा अटल पेंशन योजना के संबंध में विस्तार से बताया गया। अधिकारियों ने इन योजनाओं के उद्देश्य, पात्रता एवं लाभ की जानकारी देते हुए पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही बचत को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सुकन्या समृद्धि योजना, बचत खाता, सावधि जमा (एफडी) एवं आवर्ती जमा (आरडी) जैसी बैंकिंग सुविधाओं के बारे में भी जानकारी दी गई।
वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान का उद्देश्य ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से वंचित वर्गों तक बैंकिंग सेवाओं और शासकीय वित्तीय योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है। इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को नियमित बचत, सुरक्षित डिजिटल लेन-देन तथा उपलब्ध वित्तीय सुविधाओं का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
*- कृषि ऋण एवं स्वरोजगार के लिए योजनाओं से जुड़ने किया प्रेरित*
ग्रामीणों को आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने तथा स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, कृषि ऋण, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) और स्वयं सहायता समूहों के लिए उपलब्ध ऋण सुविधाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों को अपनी आवश्यकता एवं पात्रता के अनुसार संबंधित योजनाओं का लाभ लेने तथा ऋण संबंधी जानकारी के लिए नजदीकी बैंक शाखा या बैंक मित्र से संपर्क करने की सलाह दी।
*- साइबर धोखाधड़ी से बचाव एवं शिकायत निवारण की दी गई जानकारी*
शिविरों में सुरक्षित बैंकिंग के महत्व को रेखांकित करते हुए ग्रामीणों को साइबर धोखाधड़ी से बचाव के उपाय बताए गए। उन्हें अनजान व्यक्तियों के साथ बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने, ओटीपी एवं बैंक खाते से संबंधित संवेदनशील विवरण सुरक्षित रखने तथा संदिग्ध कॉल और संदेशों से सतर्क रहने की सलाह दी गई। साथ ही बैंकिंग लोकपाल योजना, शिकायत निवारण प्रणाली और साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में सहायता प्राप्त करने के लिए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी भी दी गई।