अनिल सक्सेना की रिपोर्ट
*चित्रकूट: 30 अक्टूबर-* मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘हर घर नल-हर घर जल’ के संकल्प को साकार करते हुए चित्रकूट जनपद ने जल जीवन मिशन के तहत एक और बड़ी कामयाबी हासिल की है। डबल इंजन सरकार के प्रयासों से अब बुंदेलखंड के इस जिले के पथरीले और दूर-दराज के इलाकों में पानी का संकट नहीं रह गया हैं। जिले के कुल 414 गांवों के सापेक्ष अब तक 355 गांवों में नियमित और स्वच्छ जलापूर्ति सफलतापूर्वक शुरू की जा चुकी है।
*चित्रकूट के 414 गावों के सापेक्ष 355 गांवों में नियमित जलापूर्ति शुरु*
आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक चित्रकूट जिले के 414 गांवों में से 355 गावों में सुचारू रूप से पेयजल आपूर्ति के साथ-साथ 247 गांवों में ‘हर घर जल’ प्रमाणीकरण का कार्य भी पूरी तरह से संपन्न हो चुका है। इसके अलावा पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत के लिए चलाए जा रहे ‘रोड रेस्टोरेशन अभियान’ के तहत रिकॉर्ड 371 गांवों में सड़कों को पूरी तरह दुरुस्त कर दिया गया है।
*क्षतिग्रस्त सड़कों का जल्द से जल्द होंगी मरम्मत*
सरकार की इस महत्वकांक्षी योजना को लेकर जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने कलेक्ट्रेट सभागार मे गुरूवार को बैठक की और जरूरी दिशा निर्देश अधिकारीयों को दिए। जिलाधिकारी ने बताया की कार्यदायी संस्थाओं एलएंडटी, जीवीपीआर और रेट्रोफिटिंग परियोजनाओं के अधिकारियों को सख्त लहजे में हिदायत दी गईं है और कहा गया हैं कि पाइपलाइन, हाउस कनेक्शन, स्काडा ऑटोमेशन और हर घर जल सर्टिफिकेशन के जो भी काम अभी अवशेष हैं उन्हें निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। साथ ही रोड रेस्टोरेशन अभियान के तहत बची हुई क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए है।
*आंगनवाड़ी केंद्रों, स्कूलों, थानों और पीएचसी में शत-प्रतिशत पेयजल चालू करने पर दिया जा रहा जोर*
दूर दराज के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी स्वच्छ पानी मिले इसको ध्यान मे रखते हुए योगी सरकार का पूरा जोर अब शत-प्रतिशत सामाजिक संस्थाओं को कवर करने पर है। जिलाधिकारी ने सभी प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों, आंगनवाड़ी केंद्रों, सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, पुलिस थानों और पंचायत भवनों में बचे हुए हाउस कनेक्शनों को तत्काल पूरा कर जलापूर्ति बहाल करने के निर्देश दिए हैं।