जनजातीय गौरव दिवस पर MY Bharat बांदा ने बीएसएम पब्लिक स्कूल में आयोजित किया जागरूकता कार्यक्रम*

 

 

 

   अनिल सक्सेना की रिपोर्ट

बांदा, । भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती के उपलक्ष्य में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर मेरा युवा भारत (MY Bharat), बांदा की ओर से बिसंडा ब्लॉक स्थित बीएसएम (भगवत सिंह मेमोरियल) पब्लिक स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं युवाओं को भगवान बिरसा मुंडा जी के जीवन, संघर्ष, बलिदान तथा जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विद्यालय के डायरेक्टर श्री दातेंद्र सिंह उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री दिलीप अग्रवाल एवं उपप्रधानाचार्य श्री सीताराम जी की गरिमामयी उपस्थिति रही।

निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता का मूल्यांकन जूरी सदस्य श्री सीताराम जी द्वारा किया गया। प्रतियोगिता में आर्यन सिंह ने प्रथम, रुपांसी ने द्वितीय तथा शौर्य अग्रवाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं नंदिनी एवं संजय को सांत्वना पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों द्वारा विजेताओं को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

युवाओं को हर गतिविधि में भाग लेने के लिए किया प्रेरित

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के डायरेक्टर श्री दातेंद्र सिंह ने कहा कि युवाओं को आगे आकर प्रत्येक सामाजिक, शैक्षणिक एवं रचनात्मक कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करना चाहिए। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।

वहीं प्रधानाचार्य श्री दिलीप अग्रवाल ने विद्यार्थियों को भगवान बिरसा मुंडा जी के जीवन परिचय, उनके संघर्ष एवं जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए किए गए ऐतिहासिक योगदान के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र एवं समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने के लिए प्रेरित किया।

MY Bharat स्वयंसेवकों ने किया कार्यक्रम का आयोजन

कार्यक्रम का आयोजन एवं समन्वय MY Bharat बांदा के स्वयंसेवक पीयूष गुप्ता एवं दिव्यांश निगम द्वारा किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में जनजातीय संस्कृति, परंपराओं, ऐतिहासिक विरासत एवं राष्ट्र निर्माण में जनजातीय समुदायों के योगदान के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।

इस आयोजन ने विद्यार्थियों को भगवान बिरसा मुंडा जी के विचारों एवं आदर्शों से जुड़ने का अवसर प्रदान किया तथा युवाओं की सामाजिक एवं रचनात्मक सहभागिता को प्रोत्साहित करते हुए जनजातीय गौरव, जागरूक युवा और विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने का प्रयास किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *