*- जनजातीय समाज के सर्वांगीण उत्थान एवं विकास के लिए शासन प्रतिबद्ध – स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव* *

     शिव शर्मा की रिपोर्ट

मोहला     । जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर आज जिला मुख्यालय मोहला स्थित मिनी स्टेडियम में जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी एवं जनजातीय समाज के महानायक भगवान बिरसा मुंडा के छायाचित्र पर पूजा-अर्चना एवं माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों एवं जनसमुदाय द्वारा राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान एवं राजकीय गीत का सामूहिक गायन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्कूल शिक्षा मंत्री श्री यादव ने जनजातीय गौरव दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष, साहस, स्वाभिमान और मातृभूमि के प्रति समर्पण का अद्वितीय उदाहरण है। उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध संघर्ष करते हुए जल, जंगल और जमीन की रक्षा तथा जनजातीय समाज के अधिकारों एवं सम्मान के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। उनका बलिदान और विचार आज भी हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
स्कूल शिक्षा मंत्री श्री यादव ने कहा कि जनजातीय समाज हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और गौरवशाली इतिहास का महत्वपूर्ण आधार है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ शासन जनजातीय समाज के सर्वांगीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, आवास, आजीविका संवर्धन तथा मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए विभिन्न योजनाओं एवं विकासात्मक प्रयासों के माध्यम से कार्य कर रही है। शासन का उद्देश्य है कि जनजातीय समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचे और समाज के युवा शिक्षा एवं रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़कर प्रदेश और देश के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को आत्मसात करते हुए हमें अपनी संस्कृति, परंपराओं, भाषा और विरासत को संरक्षित रखने के साथ-साथ नई पीढ़ी को भी अपने गौरवशाली इतिहास से परिचित कराना चाहिए।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नम्रता सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि जनजातीय गौरव दिवस हमारे लिए अपनी सांस्कृतिक पहचान, परंपराओं और महापुरुषों के योगदान को याद करने का महत्वपूर्ण अवसर है। भगवान बिरसा मुंडा ने समाज को एकता, स्वाभिमान और अधिकारों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया है। जनजातीय समाज ने अपनी विशिष्ट संस्कृति, लोककला और परंपराओं के माध्यम से छत्तीसगढ़ की पहचान को समृद्ध किया है। उन्होंने समाज के सभी लोगों से शिक्षा, जागरूकता और आपसी एकजुटता के साथ आगे बढ़ने तथा अपनी सांस्कृतिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान जनजातीय समाज की समृद्ध लोकसंस्कृति एवं परंपराओं पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। कलाकारों द्वारा पारंपरिक नृत्य, लोकगीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें उपस्थित जनसमुदाय ने सराहा। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से जनजातीय समाज की विशिष्ट कला, संस्कृति और परंपराओं की सुंदर झलक देखने को मिली।
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री भोजेश शाह मंडावी, जिला पंचायत सदस्य श्री नरसिंह भंडारी, जिला पंचायत सदस्य श्री लखन कलामे, जिला पंचायत सदस्य श्री रेखा कोठारी, सरपंच मोहला श्री गजेंद्र पुरामे, कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री यशपाल सिंह, डीएफओ श्री अभिनव कुमार, जिला पंचायत सीईओ श्री उज्जवल पोरवाल, जनप्रतिनिधि श्री दिलीप वर्मा, श्री मदन साहू सहित स्थानीय जनप्रतिनिधी, जनजातीय समाज के प्रमुख, विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थित रहे।

*- उत्कृष्ट कार्य करने वाले हुए सम्मानित*

कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव सहित अन्य अतिथियों द्वारा जनजातीय समाज के विभिन्न प्रमुखों एवं समाज के उत्थान और विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। साथ ही जनजातीय समाज के शहीद परिवारों को साल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानपूर्वक अभिनंदन किया गया। इस दौरान शहीदों के योगदान एवं उनके परिवारों के त्याग और समर्पण को स्मरण करते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया गया। मौके पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्कूली छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया।

*- स्टॉल किया किया निरीक्षण, पात्र हितग्राही हुए लाभान्वित*

कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों एवं प्रदर्शनी का स्कूल शिक्षा मंत्री श्री यादव ने अवलोकन किया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, जनजातीय समाज के लिए संचालित कार्यक्रमों तथा पात्र हितग्राहियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। स्कूल शिक्षा मंत्री ने विभागीय योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान करने के निर्देश दिए। मौके पर उन्होंने पात्र हितग्राहियों को विभागीय योजनाओं से लाभान्वित भी किया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *