मंदसौर/नाहरगढ(तुलसीराम राठौर)–
स्मृति नागरिक सहकारी बैंक मर्यादित ने अपने 27वें स्थापना दिवस के अवसर पर ग्राहकों को कई महत्वपूर्ण सौगातें दी हैं। बैंक ने दोपहिया और चारपहिया वाहनों की खरीद पर 100 प्रतिशत ऑन-रोड कीमत तक ऋण उपलब्ध कराने की सुविधा शुरू की है। इसके साथ ही इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) की खरीद को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष ब्याज दरों पर ऋण योजना भी प्रारंभ की गई है।
बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील पंजवानी ने स्थापना दिवस पर खाताधारकों, अंशधारकों और क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं देते हुए बताया कि बैंक ने ग्राहकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए वाहन ऋण योजनाओं का विस्तार किया है। नई सुविधा के तहत ग्राहकों को वाहन की ऑन-रोड कीमत का 100 प्रतिशत तक फाइनेंस मिल सकेगा। इससे वाहन खरीदने के लिए डाउन पेमेंट की परेशानी कम होगी। वहीं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इलेक्ट्रिक दोपहिया और चारपहिया वाहनों पर भी विशेष ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
इंटरनेट बैंकिंग की मिली अनुमति—–
पंजवानी ने बताया कि भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) से बैंक को इंटरनेट बैंकिंग सुविधा शुरू करने की अनुमति मिल गई है। आवश्यक तकनीकी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद शीघ्र ही यह सेवा शुरू की जाएगी। इसके माध्यम से ग्राहक घर बैठे 24 घंटे बैंकिंग सुविधाओं का लाभ ले सकेंगे।
रतलाम और इंदौर में खुलेंगी नई शाखाएं—-
उन्होंने बताया कि वर्तमान में बैंक की 14 शाखाएं और 25 एटीएम संचालित हैं। बैंक द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 में रतलाम और इंदौर में दो नई शाखाएं शुरू करने की योजना है। इससे बैंक का कार्यक्षेत्र बढ़ेगा और अधिक ग्राहकों को बैंकिंग सेवाओं का लाभ मिल सकेगा। इसके अलावा आम नागरिकों के आवास का सपना पूरा करने के लिए बैंक में 8.50 प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर पर गृह ऋण की सुविधा भी निरंतर उपलब्ध है। उल्लेखनीय है कि स्मृति नागरिक सहकारी बैंक की स्थापना 1 नवंबर 1999 को हुई थी। बैंक ने 27 वर्षों के सफर में ग्राहकों के विश्वास और सहकारिता के सिद्धांतों के साथ अपनी अलग पहचान बनाई है। स्थापना दिवस पर सीईओ सुनील पंजवानी ने बैंक के अधिकारियों और कर्मचारियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि बैंक आधुनिक बैंकिंग सुविधाओं के विस्तार और बेहतर ग्राहक सेवा के लिए निरंतर प्रयासरत है।
फोटो