805वें सैनिक सम्मान के अंतर्गत सूबेदार मेजर बद्रीनारायण जोशी का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन

 

 

मंदसौर/नाहरगढ (तुलसीराम राठौर)--देशभक्ति, राष्ट्रसेवा एवं सैनिकों के प्रति सम्मान की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए मंदसौर जिला सैनिक सम्मान अभियान के अंतर्गत भारतीय सेना की आर्टिलरी रेजिमेंट में 25 वर्षों तक गौरवपूर्ण सेवाएँ प्रदान करने वाले मंदसौर निवासी सेवानिवृत्त सूबेदार मेजर बद्रीनारायण जोशी का 805वें सैनिक सम्मान के रूप में भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

इस अवसर पर भारत माता चौराहा पर सर्वप्रथम भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं पूजन कर राष्ट्र के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, सैनिक सम्मान अभियान समिति, जिला धार्मिक उत्सव समिति सहित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने वीर सैनिक का आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें शाल, श्रीफल एवं साफा पहनाकर सम्मानित किया।

इसके पश्चात स्वागत यात्रा के दौरान गांधी चौराहा पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। सरदार पटेल चौराहा पर लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया गया। वहीं महाराणा प्रताप चौराहा पर वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जी के जयघोष एवं देशभक्ति भजनों के साथ वीरता और राष्ट्र गौरव का स्मरण किया गया।

इसके पश्चात सैनिक बद्रीनारायण जी जोशी के स्नेह नगर स्थित निवास स्थान पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। अतिथियों के उद्बोधन भाजपा के वरिष्ठ नेता अनिल कियावत जी ने कहा कि भारतीय सेना के जवानों का त्याग, अनुशासन और समर्पण प्रत्येक नागरिक के लिए प्रेरणास्रोत है। 25 वर्षों तक देश की सेवा करने वाले वीर सैनिक का सम्मान करना पूरे समाज के लिए गौरव का विषय है।

अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के जिला अध्यक्ष मुकेश गुर्जर ने कहा कि पूर्व सैनिकों का सम्मान एवं उनके योगदान को समाज के सामने लाना अत्यंत आवश्यक है। ऐसे आयोजन सैनिकों के मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ पूर्व सैनिकों के बीच एकजुटता और सामाजिक सम्मान की भावना को मजबूत करते हैं।

सैनिक सम्मान अभियान के संयोजक विनय दुबेला ने कहा कि वर्ष 2015 से प्रारंभ यह अभियान सैनिकों के सम्मान, उनके परिवारों के प्रति कृतज्ञता एवं समाज में राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करने के उद्देश्य से निरंतर संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत यह 805वाँ सैनिक सम्मान है। हमारा संकल्प है कि देश की सेवा करने वाले प्रत्येक वीर सैनिक को समाज में सम्मान एवं गौरवपूर्ण स्थान मिले। कार्यक्रम में उपस्थित समाजसेवी,गणमान्यजन, पूर्व सैनिक,जनप्रतिनिधिगण,जननेता,पत्रकार,सामाजिक कार्यकर्त्ता, उपस्थित थे । अंत में भारत माता के जयघोष, वंदे मातरम् एवं जय हिंद के उद्घोष के साथ वीर सैनिक के प्रति सम्मान और राष्ट्रसेवा के संकल्प को दोहराया गया। यह जानकारी व आभार विनय दुबेला संयोजक सैनिक सम्मान अभियान समिति मध्यप्रदेश ने माना ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *