अनिल सक्सेना की रिपोर्ट
बाँदा। बाँदा कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, बाँदा के छात्र-छात्राओं ने अपने ज्ञान, कौशल एवं प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए एक बार फिर विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया है। विश्वविद्यालय के प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट निदेशालय द्वारा विद्यार्थियों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आयोजित कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में 22 छात्रों का विभिन्न पदों पर प्लेसमेंट तथा 46 अंतिम वर्ष के छात्रों का इंटर्नशिप के लिए चयन हुआ है।
प्लेसमेंट ड्राइव में देश की प्रतिष्ठित कंपनियों एवं संस्थानों द्वारा विभिन्न चरणों में चयन प्रक्रिया आयोजित की गई। दिव्यम पशु आहार प्राइवेट लिमिटेड, लखनऊ द्वारा टेरिटरी सेल्स मैनेजर के पद हेतु आयोजित चयन प्रक्रिया में विश्वविद्यालय के 18 छात्रों का चयन किया गया। वहीं, झारखण्ड स्थित आर्यभट्ट एजुकेशन एंड हेल्थ ट्रस्ट द्वारा कृषि विशेषज्ञ के पद पर 04 छात्रों का चयन किया गया। इस प्रकार कुल 22 छात्रों को रोजगार के अवसर प्राप्त हुए।
प्लेसमेंट नोडल अधिकारी डॉ. अभिषेक कालिया ने बताया कि प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट निदेशालय द्वारा आयोजित इस ड्राइव में अंतिम वर्ष के 46 छात्रों का चार प्रतिष्ठित कंपनियों एवं संस्थानों में इंटर्नशिप के लिए भी चयन हुआ है। इंटर्नशिप प्रदान करने वाले संस्थानों में झारखण्ड स्थित आर्यभट्ट एजुकेशन एंड हेल्थ ट्रस्ट, देश की प्रमुख कृषि रसायन कंपनी बीएएसएफ (BASF), नोएडा स्थित सवीर बायोटेक प्राइवेट लिमिटेड तथा लखनऊ की दिव्यम पशु आहार प्राइवेट लिमिटेड शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट निदेशालय द्वारा विद्यार्थियों को रोजगार की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने के लिए नियमित रूप से प्लेसमेंट ड्राइव, औद्योगिक भ्रमण, प्रशिक्षण कार्यक्रम एवं व्यक्तित्व विकास कार्यशालाओं का आयोजन किया जा रहा है। इन प्रयासों का उद्देश्य विद्यार्थियों में तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ संचार कौशल, नेतृत्व क्षमता, व्यक्तित्व विकास एवं व्यावसायिक दक्षता को विकसित करना है।
छात्रों की इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एस.वी.एस. राजू ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट निदेशालय के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को रोजगार एवं बेहतर कैरियर के अवसर उपलब्ध कराने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है। विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास एवं सम्प्रेषण कौशल को मजबूत करने के लिए विभिन्न कार्यशालाओं का आयोजन किया जा रहा है तथा उन्हें समय-समय पर औद्योगिक संस्थानों का व्यावहारिक अनुभव भी प्रदान किया जा रहा है।
कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय का प्रयास है कि विद्यार्थी कृषि क्षेत्र की वर्तमान एवं भावी आवश्यकताओं के अनुरूप अपने ज्ञान और कौशल को विकसित कर रोजगार के साथ-साथ उद्यमिता के क्षेत्र में भी आगे बढ़ें। विश्वविद्यालय द्वारा उद्योग एवं शैक्षणिक संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विद्यार्थियों के लिए अधिक से अधिक रोजगार एवं इंटर्नशिप के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है।