बृजेश उदैनियाँ की रिपोर्ट
जालौन। नगर के तोपखाना स्थित कंजर कॉलोनी में 25 मई को खसरा (मीजल्स) के पांच मरीज पाए जाने के बाद स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। मरीजों के नमूने लेने के लिए 30 मई को स्वास्थ्य विभाग की टीम प्रभावित परिवारों के घर पहुंची, लेकिन परिजनों ने बच्चों के सैंपल देने से इनकार कर दिया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम में डब्ल्यूएचओ मॉनिटर मेडिकल ऑफिसर डॉ. सहन बिहारी गुप्ता, राजनारायण वर्मा, विजय राव (एलटी) एवं आशा कार्यकर्ता शामिल थे। टीम द्वारा परिजनों को काफी समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने बच्चों के नमूने नहीं दिए। इसके बाद टीम ने वापस लौटकर मामले से मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को अवगत कराया।
बाद में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) जालौन रिंकू सिंह से मुलाकात की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम ने स्वयं टीम के साथ जाने का निर्णय लिया। शनिवार को अपराह्न लगभग 3:30 बजे एसडीएम स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ तोपखाना कंजर बस्ती पहुंचे और वहां के लोगों को एकत्रित कर स्वास्थ्य एवं संक्रामक बीमारियों के प्रति जागरूक किया।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा खसरा सहित विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी बीमारियों की जानकारी दिए जाने के बाद लोगों ने सहयोग का आश्वासन दिया और सभी बच्चों के सैंपल लिए गए। करीब दो घंटे तक चले अभियान के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम सफलतापूर्वक नमूने एकत्र कर वापस लौटी।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि संक्रामक रोगों की रोकथाम एवं समय पर उपचार के लिए स्वास्थ्य टीमों का सहयोग करें और जांच संबंधी कार्यों में बाधा न डालें।
