*नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत अभियान के तहत संकल्प एवं निबंध प्रतियोगिता आयोजित*

अनिल सक्सेना की रिपोर्ट

बांदा, । युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत, बांदा द्वारा जिला युवा अधिकारी, बांदा की पहल एवं मार्गदर्शन में “नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत” अभियान के तहत 19 एवं 20 सितंबर को विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

19 सितंबर को तथागत ज्ञानस्थली सीनियर सेकेंडरी स्कूल में नशामुक्ति विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें विद्यार्थियों ने “नशामुक्त भारत कैसे बने और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका” विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में अमन ने प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया तथा द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार भी विद्यार्थियों को प्रदान किए गए। विद्यालय की प्रधानाचार्या सुश्री स्वेता श्रीवास्तव ने कार्यक्रम में सहयोग किया।

वहीं 20 सितंबर को अशोक कोचिंग सेंटर एवं आदर्श इंटर कॉलेज, बिसंडा में राष्ट्रीय संकल्प समारोह एवं हस्ताक्षर अभियान आयोजित किया गया। विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा नशामुक्त भारत के निर्माण में योगदान देने की शपथ दिलाई गई और संकल्प पत्र पर हस्ताक्षर कराए गए। इस अवसर पर संस्थान के संस्थापक श्री अशोक कुमार द्विवेदी सहित विद्यार्थी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन मेरा युवा भारत, बांदा के स्वयंसेवक दिव्यांशु निगम द्वारा सेवा प्रभाग के अंतर्गत किया गया। अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशामुक्ति के प्रति जागरूक कर नशामुक्त एवं विकसित भारत के निर्माण से जोड़ना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *