युवक की हत्या का सफल खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, एक मुठभेड़ में घायल

Blog

 

अनिल कुमार प्रभाकर की रिपोर्ट

उरई, जालौन : जनपद जालौन की कोतवाली माधौगढ़ पुलिस टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने युवक की हत्या की घटना का सफल अनावरण करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के दौरान एक आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल भी हो गया, जिसे उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 27.03.2026 को ग्राम कुसमरा क्षेत्र में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक जालौन विनय कुमार सिंह के निर्देशन में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण, साक्ष्य संकलन एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया गया।

जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में अभियुक्तों ने आपसी रंजिश के चलते युवक की हत्या करना स्वीकार किया। गिरफ्तारी के दौरान एक आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया, जिस पर जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया।

पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, शराब की बोतल तथा मृतक का मोबाइल फोन भी बरामद किया है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, जबकि दूसरे आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस सफल कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत हुआ है। पुलिस अधीक्षक द्वारा टीम की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत करने की घोषणा भी की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *