अफवाहों पर प्रशासन का सख्त एक्शन, डीएम-एसपी खुद उतरे मैदान में*

Blog

सनत कुमार बुधौलिया की रिपोर्ट

उरई i       जनपद में डीजल-पेट्रोल की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने सक्रियता दिखाते हुए उरई, कोंच सहित विभिन्न क्षेत्रों के एक दर्जन से अधिक पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कुछ पेट्रोल पंपों पर डीजल की अस्थायी कमी अवश्य पाई गई, जिसका प्रमुख कारण पिछले दिनों बढ़ी खपत एवं टैंकरों की समय पर आपूर्ति न होना रहा। वहीं एक स्थान पर पर्याप्त स्टॉक होने के बावजूद बिक्री बंद पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए।उरई एवं कोंच क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान किसानों ने डीजल की कमी से फसलों की बुवाई एवं कटाई प्रभावित होने की बात रखी, जिस पर जिलाधिकारी ने मौके पर ही भरोसा दिलाया कि उसी दिन आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा पेट्रोलियम कंपनियों से लगातार समन्वय स्थापित कर आवश्यक स्टॉक उपलब्ध कराया जा रहा है।जिलाधिकारी ने बताया कि कुछ स्थानों पर कृत्रिम संकट उत्पन्न करने की कोशिशें भी सामने आई हैं, जिन्हें सख्ती से चिन्हित कर समाप्त किया जा रहा है। ड्रम में डीजल वितरण पर रोक को समान वितरण सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम बताया गया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सुबह से रात तक लगातार पेट्रोल पंपों की निगरानी की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की कालाबाजारी या अनियमितता न होने पाए। साथ ही चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर गड़बड़ी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने जनपदवासियों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक भंडारण से बचें। प्रशासन द्वारा पर्याप्त मात्रा में डीजल-पेट्रोल की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जा रही है तथा स्थिति पूर्णतः नियंत्रण में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *