*संजय मार्केट में चाकू लहराकर लोगों को धमका रहा था युवक, कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा

शिव शर्मा की रिपोर्ट

जगदलपुर।      शहर के संजय मार्केट स्थित सुलभ शौचालय के पास धारदार चाकू लहराकर आम लोगों को डराने-धमकाने वाले युवक को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से धारदार चाकू बरामद कर जब्त किया गया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।*

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान सोम कुमार नाग (25 वर्ष), पिता स्वर्गीय गुठलू नाग, निवासी कालीपुर अटल आवास, धरमपुरा, जगदलपुर के रूप में हुई है। पुलिस को सूचना मिली थी कि संजय मार्केट के सुलभ शौचालय के पास एक युवक हाथ में धारदार चाकू लेकर लहरा रहा है और वहां से गुजरने वाले लोगों को धमका रहा है।

सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार कोतवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक धारदार चाकू बरामद किया गया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार धोत्रे के पर्यवेक्षण में की गई। कार्रवाई में नगर निरीक्षक लीलाधर राठौर के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस की टीम शामिल रही।

कार्रवाई में इनकी रही अहम भूमिका: निरीक्षक लीलाधर राठौर, उपनिरीक्षक अरुण मरकाम, अमित सिदार, प्रधान आरक्षक रानी सोनी, आरक्षक राजेश राजपूत, विनोद, महेंद्र पटेल, महंगू कश्यप, वरुण ठाकुर, हरीश, बंसीलाल और रंगलाल खरे सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *