अनिल सक्सेना की रिपोर्ट
बांदा i जनपद के विकास खण्ड बड़ोखर की ग्राम पंचायत भरखरी स्थित पवित्र कबीर आश्रम के समग्र पर्यटन विकास के लिए पर्यटन विभाग द्वारा रूपये 138.89 लाख की महत्वपूर्ण धनराशि स्वीकृत की गई है। इस परियोजना के क्रियान्वयन हेतु कार्यदायी संस्था के रूप में राजकीय निर्माण निगम लिमिटेड को नामित किया गया है, जिसे प्रथम किस्त के रूप में रूपये 70 लाख की धनराशि अवमुक्त कर दी गई है। स्वीकृत परियोजना के अंतर्गत कबीर आश्रम को एक आकर्षक एवं सुविधायुक्त पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके तहत यात्री हाल का निर्माण, भव्य मुख्य प्रवेश द्वार, रेड स्टोन एवं कोटा स्टोन से फर्श का कार्य, सोलर स्ट्रीट लाइट एवं बोलार्ड लाइट की स्थापना, आर.सी.सी. बेंच, डस्टबिन एवं साइनेज लगाए जाएंगे। साथ ही सैंड स्टोन म्यूरल, सुगम पाथ-वे, शुद्ध पेयजल हेतु वाटर कूलर, तथा आकर्षक हॉर्टिकल्चर एवं लैंडस्केपिंग का कार्य भी कराया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के माध्यम से न केवल क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाइयां मिलेंगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर पर्यटन को बढ़ावा मिलने से रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
इस अवसर पर श्री प्रकाश द्विवेदी (मा० सदर विधायक, बांदा) ने मा० मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी एवं मा० पर्यटन मंत्री जी के प्रति इस महत्वपूर्ण परियोजना की स्वीकृति हेतु हृदय से आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के विकास में एक मील का पत्थर साबित होगी और कबीर आश्रम को प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में स्थान दिलाने में सहायक बनेगी।
