ब्रजेश उदैनियाँ की रिपोर्ट
जालौन। कोतवाली जालौन क्षेत्र के ग्राम पंचायत मकरंदपुरा में दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद एक महिला द्वारा पुलिस पर जबरन समझौता कराने का आरोप लगाया गया है। पीड़िता का सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है।
मोहल्ला चुर्खीबाल निवासी राशि प्रजापति पत्नी संजय ने वायरल वीडियो में आरोप लगाया कि मकरंदपुरा में हुए विवाद को लेकर वह शिकायत लेकर कोतवाली जालौन पहुंची थीं। महिला का आरोप है कि वहां हल्का प्रभारी ने दोनों पक्षों को बैठाकर उस पर दबाव बनाया और उसकी इच्छा के विरुद्ध समझौता करा दिया।
पीड़िता ने वीडियो में कहा कि वह मामले में कार्रवाई और न्याय की उम्मीद लेकर पुलिस के पास पहुंची थी, लेकिन उसकी शिकायत पर कार्रवाई करने के बजाय उस पर समझौते के लिए दबाव बनाया गया। महिला ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है।
हालांकि वायरल वीडियो में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र अथवा आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का पक्ष सामने आने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।