तहसील में कथित रिश्वतखोरी का वीडियो वायरल, निजी कर्मी पर कार्रवाई; संबंधित कर्मचारी से मांगा स्पष्टीकरण*

Blog

 

 ब्रजेश उदैनियाँ की रिपोर्ट

जालौन। जालौन तहसील परिसर स्थित रजिस्ट्री एवं दाखिल-खारिज कार्यालय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। वायरल वीडियो में एक वृद्ध द्वारा रुपये गिनकर कार्यालय में कार्यरत एक निजी व्यक्ति को दिए जाते हुए दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। वीडियो के सामने आने के बाद प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच के आधार पर रुपये लेते दिखाई देने वाले निजी कर्मी मनोज शर्मा के विरुद्ध कार्रवाई की गई है। वहीं कार्यालय से जुड़े कर्मचारी आर.के. को नोटिस जारी कर पूरे प्रकरण पर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
उपजिलाधिकारी राकेश कुमार सोनी ने बताया कि वायरल वीडियो की गहनता से जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत भ्रष्टाचार, घूसखोरी एवं रिश्वतखोरी के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम ने यह भी स्पष्ट किया कि जांच पूरी होने से पहले किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा। प्रशासन सभी पहलुओं की निष्पक्षता से जांच कर रहा है और दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
वायरल वीडियो को लेकर तहसील परिसर में दिनभर चर्चाओं का माहौल बना रहा। वहीं आमजन और किसानों ने भी सरकारी कार्यालयों में पारदर्शिता एवं भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग उठाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *