शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए दो शिक्षकों को मानद डॉक्टरेट

  ब्रजेश उदैनियाँ की रिपोर्ट

जालौन। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य और उल्लेखनीय योगदान के लिए जालौन ब्लॉक क्षेत्र के दो शिक्षकों को मानद डॉक्टरेट की उपाधि से सम्मानित किया गया। रविवार को नई दिल्ली में आयोजित दीक्षांत समारोह में कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय छिरिया सलेमपुर में तैनात एकेडमिक रिसोर्स पर्सन शिव कुमार राठौर और उच्च प्राथमिक विद्यालय मड़ोरी में तैनात पूर्व एकेडमिक रिसोर्स पर्सन केके श्रीवास्तव को यह सम्मान प्रदान किया गया।
सीडरबुक यूनिवर्सिटी की ओर से नई दिल्ली के पीरागढ़ी स्थित उद्योग नगर के सिंफनी बैंक्विट में दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में शिक्षा समेत विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। इसी क्रम में शिव कुमार राठौर और केके श्रीवास्तव को शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए मानद डॉक्टरेट की उपाधि प्रदान की गई।
समारोह में मुख्य अतिथि भारती विद्यापीठ के निदेशक डॉ. एमएन होडा, दिल्ली हाईकोर्ट के जूडिशियल मजिस्ट्रेट डॉ. रविंद्र पहुजा तथा कमिश्नर ऑफ पुलिस एवं स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट (पूर्व) दिनेश कुमार की मौजूदगी में दोनों शिक्षकों को उपाधि प्रदान की गई।
शिव कुमार राठौर और केके श्रीवास्तव ने शिक्षा के क्षेत्र में अपने कार्यों के माध्यम से विद्यार्थियों और शिक्षकों के बीच अलग पहचान बनाई है। सम्मान मिलने के बाद दोनों शिक्षकों ने शिक्षा के क्षेत्र में अपने दायित्वों को और बेहतर ढंग से निभाने की प्रतिबद्धता जताई। मानद डॉक्टरेट की उपाधि मिलने पर शिक्षकों, सहकर्मियों और परिचितों ने दोनों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *