शिव शर्मा की रिपोर्ट
मोहला,। जिला पंचायत मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में आज “ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 विषय पर जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यशाला में जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों की सक्रिय सहभागिता रही।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन, ग्राम स्तर पर स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा आमजन में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु आवश्यक जानकारी प्रदान करना था। कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत द्वारा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया। प्रस्तुतीकरण के माध्यम से ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण, गीला एवं सूखा कचरा प्रबंधन, प्लास्टिक अपशिष्ट नियंत्रण, वैज्ञानिक निपटान, कम्पोस्टिंग, एमआरएफ सेंटर संचालन तथा सामुदायिक सहभागिता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
कार्यशाला में ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने हेतु पंचायत स्तर पर जनजागरूकता अभियान, नियमित स्वच्छता गतिविधियों तथा घर-घर कचरा पृथक्करण को प्रभावी ढंग से लागू करने पर विशेष जोर दिया गया।
इस दौरान पीडब्लूएमयू कौडूटोला में संचालित एमआरएफ सेंटर की कार्यप्रणाली की भी जानकारी साझा की गई। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को बताया गया कि केंद्र में सूखे कचरे का पृथक्करण, संग्रहण एवं प्रसंस्करण वैज्ञानिक तरीके से किया जा रहा है तथा पुनर्चक्रण योग्य अपशिष्ट का प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित किया जा रहा है। इसे ग्रामीण स्वच्छता प्रबंधन का एक उपयोगी मॉडल बताया गया।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा जनआंदोलन है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से अपने-अपने क्षेत्रों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन, स्वच्छता जागरूकता एवं कचरा प्रबंधन गतिविधियों को प्राथमिकता के साथ संचालित करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में सदस्य जिला पंचायत, समस्त अध्यक्ष जनपद पंचायत, सदस्य जनपद पंचायत, उपसंचालक पंचायत, सहायक परियोजना अधिकारी, जिला समन्वयक स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), सीईओ जनपद पंचायत, विकासखंड स्वच्छता अधिकारी एवं विकासखंड समन्वयक स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) मोहला, मानपुर एवं अंबागढ़ चौकी उपस्थित रहे।
*- ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने लिया उत्साहपूर्वक भाग*
कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों ने पंचायत स्तर पर स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन संबंधी गतिविधियों को प्रभावी रूप से संचालित करने तथा जनजागरूकता कार्यक्रमों को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रश्नोत्तरी के माध्यम से स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।
यह कार्यशाला जिले में स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुई।
