मंदसौर/नाहरगढ(तुलसीराम राठौर)— भगवान पशुपतिनाथ मंदिर के मुख्य पुजारी कैलाश चंद्र भट्ट ने पंडित मुस्तफा आरिफ द्वारा रचित पुस्तक गीता-भारती (भगवद गीता: 786 हिंदी मुक्तक में) ने भगवान पशुपतिनाथ के श्रीचरणो में समर्पित की।
इस अवसर पर पंडित कैलाश चंद्र भट्ट ने कहा कि भगवद गीता के संदेश का इतना सुगम सरल और सुबोध प्रस्तुतीकरण आज तक मेंने अपने जीवनकाल में नहीं देखा। मेरी मंगलकामना हैं कि पंडित मुस्तफा आरिफ की यह साधना फलीभूत हो, हर घर हर हाथ में पुस्तक पहुंचे।
पंडित भट्ट ने कहा कि मध्यप्रदेश के पूर्व राज्यपाल कुंवर मेहमूद अली खान साहब जब पशुपतिनाथ आए थे, तब उन्होंने सनातन धार्मिक पद्धति से स्वयं संस्कृत श्लोक पढ़कर पूजा अर्चना कर जो हृदय में स्थान बनाया था। पंडित मुस्तफ़ा आरिफ के इस श्रम साध्य कार्य ने उनकी याद ताज़ा कर दी।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार व दैनिक मालव अलंकरण के प्रधान संपादक प्रकाश सिसौदिया ने गीता-भारती जन-जन पहुंचे, इस हेतु विशेष पूजा अनुष्ठान करते हुए पंडित मुस्तफा आरिफ को बधाई दी और मंगलकामनाए व्यक्त की।
इस अवसर पर पशुपतिनाथ मंदिर के पुजारी पंडित सुरेंद्र आचार्य, बलदेव सिंह चौहान और पशुपतिनाथ मंदिर से जुड़े अन्य सम्मानित नागरिक उपस्थित थे।
