सीतामऊ/नाहरगढ (तुलसीराम राठौर)--कलाव्योम फाउंडेशन द्वारा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, नाग खजुरी में सोमवार एक दिवसीय शास्त्रीय संगीत कार्यशाला आयोजित की गई। विद्यार्थियों को स्वर, लय, ताल, राग, गायन तथा तानपुरा, हारमोनियम और तबले की जानकारी प्रत्यक्ष प्रदर्शन के माध्यम से दी गई।
वरिष्ठ कलाकार नागुलाल मालवीय ने शास्त्रीय संगीत के मूलभूत तत्वों एवं तानपुरे की भूमिका समझाई। नितिन शर्मा ने शास्त्रीय गायन का डेमोस्ट्रेशन दिया। गिरिजा शंकर पाटीदार ने हारमोनियम तथा राजेन्द्र लोहार ने तबला वादन की प्रारंभिक जानकारी दी। विद्यार्थियों को तंत्री, सुषिर, अवनद्ध एवं घन वाद्यों से भी परिचित कराया गया।
शिक्षा के साथ कला से जुड़ें विद्यार्थी : अशोक श्रीमाल
कलाव्योम फाउंडेशन के अध्यक्ष अशोक श्रीमाल ने कहा कि शिक्षा के साथ कला से जुड़ना विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, अनुशासन और रचनात्मकता के विकास में सहायक है। उन्होंने विद्यार्थियों को भारतीय सांस्कृतिक विरासत को समझने और कला सीखने के लिए प्रेरित किया।
कलाव्योम फाउंडेशन का उद्देश्य शास्त्रीय एवं लोक कलाओं को विद्यालयों, युवाओं और स्थानीय समुदायों तक पहुंचाकर नई पीढ़ी को भारतीय सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है। कार्यशाला में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम में प्राचार्य रघुनाथ परमार सहित विद्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा।
फोटो