*खनुवां के दोनों रास्ते बने आफत: घुटनों तक पानी, गहरे गड्ढे और दलदल में जिंदगी का सफर*

 

बृजेश उदैनियाँ की रिपोर्ट
जालौन। ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम खनुवां से तहसील मुख्यालय जालौन को जोड़ने वाले दोनों प्रमुख रास्ते बदहाल होने से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कहीं सड़क पर घुटनों तक पानी भरा है तो कहीं दलदल और गहरे गड्ढे राहगीरों की परीक्षा ले रहे हैं। हालात यह हैं कि ग्रामीणों को अपनी जान जोखिम में डालकर इन रास्तों से गुजरना पड़ रहा है।
धनौरा मार्ग पर हालात सबसे ज्यादा खराब हैं। सड़क पर घुटनों तक पानी भरा होने के साथ दोनों ओर गहरी तलइयां हैं। मार्ग पर डाली गई सीसी भी कई जगह से उखड़ चुकी है, जिससे सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। पानी भर जाने के कारण गड्ढों की गहराई का अंदाजा भी नहीं लग पाता। ऐसे में पैदल राहगीरों के लिए निकलना किसी जोखिम से कम नहीं है। दोपहिया वाहन चालक फिसलकर गिरने से चोटिल हो रहे हैं, जबकि चारपहिया वाहन चालकों को भी गहरे गड्ढों और तलइयों में फंसने का खतरा बना रहता है।
*स्कूली बच्चों की राह भी बनी जोखिम भरी* इसी रास्ते पर स्थित मंगल सिंह जूनियर हाईस्कूल में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को भी रोजाना इसी बदहाल रास्ते से होकर गुजरना पड़ता है। जलभराव और गड्ढों के बीच बच्चों का स्कूल पहुंचना किसी चुनौती से कम नहीं है। अभिभावकों में भी बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।
*लहचूरा मार्ग भी दलदल में तब्दील*
धनौरा मार्ग के अलावा खनुवां से लहचूरा होकर जाने वाला दूसरा रास्ता भी राहत देने की स्थिति में नहीं है। पंचायत घर से लेकर तालाब तक रास्ते में दलदल और गहरे गड्ढे बने हुए हैं। बारिश और जलभराव के कारण स्थिति और बिगड़ गई है। पैदल राहगीरों के साथ दोपहिया वाहन चालकों को भी इस हिस्से से निकलने में भारी परेशानी हो रही है।
*दोनों रास्ते बंद जैसे, ग्रामीणों की बढ़ी परेशानी*
तहसील मुख्यालय जालौन जाने के लिए खनुवां के ग्रामीणों के सामने दोनों ही प्रमुख रास्ते मुसीबत बने हुए हैं। एक ओर पानी और गहरे गड्ढे तो दूसरी ओर दलदल और बदहाल सड़क ने आवागमन को मुश्किल बना दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि रास्तों की स्थिति जल्द नहीं सुधारी गई तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।
ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से दोनों मार्गों का तत्काल निरीक्षण कर जलनिकासी की व्यवस्था कराने, गड्ढों को भरवाने और क्षतिग्रस्त सीसी सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को जोखिम भरे आवागमन से राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *