बृजेश उदैनियाँ की रिपोर्ट
जालौन। बरसात के मौसम को देखते हुए डिप्टी एसपी अजय कुमार ने तहसील क्षेत्र के अंतर्गत कोतवाली जालौन, कुठौंद तथा सिरसा कलार थाना पुलिस को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कहीं भी कच्चे मकान के गिरने अथवा किसी प्रकार की जनहानि की सूचना मिले तो पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण करे।
डिप्टी एसपी ने हल्का इंचार्ज एवं बीट सिपाहियों को निर्देशित किया कि सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार की स्थिति का जायजा लें। आवश्यकता होने पर हर संभव सहयोग करें तथा घटना की जानकारी तत्काल राजस्व विभाग के लेखपाल आदि संबंधित अधिकारियों को भी दें, ताकि राहत एवं सहायता की कार्रवाई समय से हो सके।
उन्होंने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिसकर्मी केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित न रहें, बल्कि मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए पीड़ितों की हरसंभव मदद करने का प्रयास करें। बारिश के दौरान विशेष सतर्कता बरतते हुए किसी भी सूचना को गंभीरता से लिया जाए और राहत कार्य में संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित किया जाए।