*दो दिन की लगातार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, खेतों में जलभराव से किसानों की बढ़ी चिंता*

    ब्रजेश उदैनियाँ की   रिपोर्ट

          जालौन। शुक्रवार सुबह से शुरू हुई लगातार बारिश शनिवार की देर शाम तक जारी रहने से जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। बारिश के चलते लोग जरूरी कामों के लिए भी परेशान नजर आए। शनिवार देर शाम बारिश थमने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। वहीं, खेतों में पानी भरने से किसानों के चेहरों पर चिंता की लकीरें दिखाई दीं।
शुक्रवार सुबह से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला शनिवार की देर शाम तक चलता रहा। लगातार बारिश के कारण नगर के बाजारों में सामान्य दिनों की अपेक्षा चहल-पहल कम रही। जरूरी काम से घरों से निकलने वाले लोगों को बारिश के बीच आवागमन करना पड़ा। दुकानदारों को भी बारिश के कारण परेशानी उठानी पड़ी। कई लोग बारिश थमने का इंतजार करते रहे, जबकि आवश्यक काम होने पर ही घरों से बाहर निकले।
बारिश के कारण रास्तों पर पानी और कीचड़ जमा होने से पैदल राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दोपहिया वाहन चालकों को भी जलभराव और फिसलन के चलते सावधानी से गुजरना पड़ा। शनिवार को दिनभर मौसम खराब रहने के बाद देर शाम बारिश थमने पर लोगों ने राहत महसूस की।
लगातार दो दिन हुई बारिश से खेतों में भी पानी भर गया है। पहले से खड़ी फसलों के आसपास पानी जमा होने से किसान जलनिकासी को लेकर चिंतित हैं। किसानों का कहना है कि खेतों में अधिक पानी जमा होने से तिल, धान समेत अन्य फसलों को नुकसान की आशंका है। बारिश के बाद मौसम में ठंडक तो महसूस हुई, लेकिन खेतों में जलभराव ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *