बृजेश उदैनियाँ की रिपोर्ट
जालौन। दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के चलते ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम ताबां में एक मजदूर का कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। हादसे में परिवार बाल-बाल बच गया, लेकिन मकान गिरने से गृहस्थी का सामान, कपड़े और अनाज मलबे में दब गए। आशियाना छिन जाने के बाद मजदूर का परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मौके का निरीक्षण कर पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता और आवास उपलब्ध कराने की मांग की है।
ग्राम ताबां निवासी रामकरन याज्ञिक मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनका कच्चा मकान पहले से ही जर्जर हालत में था। लगातार बारिश के कारण मकान की दीवारों और मिट्टी में नमी बढ़ गई। बारिश का पानी भरने और मिट्टी कमजोर होने के बाद मकान अचानक भरभराकर गिर गया। मकान गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
गनीमत रही कि जिस समय मकान धराशायी हुआ, उस समय परिवार के सदस्य अंदर मौजूद नहीं थे, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। मकान गिरने के बाद परिवार के सामने रहने और खाने-पीने की समस्या खड़ी हो गई है। रामकरन ने बताया कि मकान के मलबे में गृहस्थी का सामान, कपड़े और अनाज दब गया है। उनके पास रहने के लिए दूसरा कोई ठिकाना नहीं है।
आर्थिक रूप से कमजोर मजदूर ने एसडीएम से मकान का सर्वे कराकर मुआवजा दिलाने तथा आवास उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से पीड़ित परिवार की तत्काल मदद किए जाने की मांग की है।