*डीएम के निर्देश पर एडीएम न्यायिक और एडीएम नमामि गंगे ने परखी खाद वितरण व्यवस्था,

  राघवेंद्र शर्मा की रिपोर्ट

उरई  ।   जनपद में किसानों को रबी की फसलों की बुवाई के लिए डीएपी एवं यूरिया खाद सुगमता से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी समीर के निर्देश पर प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा सहकारी समितियों का निरीक्षण कर खाद वितरण व्यवस्था का जायजा लिया जा रहा है। इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी न्यायिक शत्रुहन पाठक तथा अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे शिवानी सिंह ने विभिन्न बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समितियों का निरीक्षण कर किसानों को खाद की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था की समीक्षा की। अपर जिलाधिकारी न्यायिक शत्रुहन पाठक ने छिरिया सलेमपुर एवं कुसमरा स्थित बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समितियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने डीएपी एवं यूरिया खाद के वितरण की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण में समितियों पर किसानों को खाद उपलब्ध कराई जा रही थी। उन्होंने समिति प्रभारियों को निर्देशित किया कि खाद वितरण के लिए टोकन व्यवस्था अपनाई जाए, ताकि किसानों को व्यवस्थित तरीके से खाद मिल सके और उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
वहीं, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे शिवानी सिंह ने नियामतपुर, कालपी एवं आटा स्थित सहकारी समितियों का निरीक्षण कर खाद की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था की समीक्षा की। आटा समिति पर निरीक्षण के दौरान डीएपी खाद का स्टॉक उपलब्ध नहीं पाया गया। इस पर उन्होंने समिति प्रभारी को निर्देश दिए कि अगले दिन हर हाल में समिति पर डीएपी खाद की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, जिससे किसानों को समय से खाद मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों की जरूरतों को देखते हुए खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी समीर के निर्देश पर प्रशासन का उद्देश्य किसानों को समय से खाद उपलब्ध कराना, वितरण व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित बनाना तथा रबी की बुवाई के दौरान किसानों को किसी प्रकार की असुविधा से बचाना है। प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों एवं समिति प्रभारियों को खाद की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *