अनिल सक्सेना की रिपोर्ट
बांदा । हज यात्रियों को बेहतर सुविधाएं एवं उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हज कमेटी ऑफ इंडिया, अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा मास्टर हज ट्रेनरों का चयन किया गया है। इसी क्रम में बांदा निवासी भाजपा नेता एवं मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ऑफ इंडिया के सदस्य हाजी आरिफ खान का चयन मास्टर हज ट्रेनर के रूप में हुआ है।
हाजी आरिफ खान ने कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) में 100 में से 92 अंक प्राप्त किए, जबकि साक्षात्कार में उन्हें 20 में से 20 अंक मिले। चयनित मास्टर हज ट्रेनरों का मुख्य प्रशिक्षण दिसंबर माह में मुंबई में आयोजित होगा। प्रशिक्षण के बाद वह बांदा सहित संबंधित जनपदों के हज यात्रियों को हज यात्रा से जुड़ा सरकारी प्रशिक्षण, टीकाकरण संबंधी जानकारी तथा उपलब्ध सरकारी सुविधाओं के बारे में मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
गौरतलब है कि हाजी आरिफ खान वर्तमान में बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर, ललितपुर और एटा जनपदों के हज ट्रेनर हैं। वह पिछले लगभग 15 वर्षों से प्रदेश के हज यात्रियों को निःशुल्क सेवाएं प्रदान करते आ रहे हैं। हज यात्रियों को सही जानकारी देना, उनकी समस्याओं का समाधान करना और यात्रा की तैयारियों में सहयोग करना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहा है।
हाजी आरिफ खान ने कहा कि केंद्रीय हज कमेटी और राज्य हज कमेटी की ओर से मिलने वाले दिशा-निर्देशों का पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ पालन किया जाएगा। उनका प्रयास रहेगा कि हज यात्रियों को बेहतर प्रशिक्षण और आवश्यक सुविधाओं के संबंध में उचित मार्गदर्शन मिल सके।
उनके मास्टर हज ट्रेनर चयनित होने पर समाजसेवी सुनील सक्सेना सहित सहयोगियों, शुभचिंतकों एवं ने खुशी जाहिर करते हुए उन्हें मुबारकबाद पेश की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।