अजेय कालिंजर दुर्ग में आज से पांच दिवसीय ऐतिहासिक कार्तिक पूर्णिमा मेले का आगाज*

 

   अनिल सक्सेना की रिपोर्ट

*बांदा: ।    * उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध एवं अजेय कालिंजर दुर्ग एक बार फिर आस्था, इतिहास और लोक संस्कृति के महाकुंभ का साक्षी बनने जा रहा है। नौंवी शताब्दी से चली आ रही गौरवशाली परंपरा के तहत कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर यहां पांच दिवसीय ऐतिहासिक मेले का भव्य शुभारंभ हो गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार द्वारा बुंदेलखंड की सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण और पर्यटन को बढ़ावा देने की नीतियों के चलते इस वर्ष मेले को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।

*भगवान कार्तिकेय के जन्मोत्सव और नीलकंठेश्वर की महिमा*

यह ऐतिहासिक मेला भगवान शिव और माता पार्वती के ज्येष्ठ पुत्र भगवान कार्तिकेय के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। जिनका जन्म कार्तिक मास की पूर्णिमा को हुआ था। 23 नवंबर की रात्रि से ही शिव भक्तों का दुर्ग पर डेरा डालना शुरू हो गया है। श्रद्धालु दुर्ग के पवित्र तालाबों में स्नान कर भगवान नीलकंठ, माता पार्वती और भगवान कार्तिकेय का पूजन-अर्चन कर रहे हैं। पद्मपुराण के अनुसार, समुद्र मंथन से निकले विष का पान करने के बाद भगवान शंकर को इसी दुर्ग में शांति मिली थी जिसके बाद वे नीलकंठेश्वर कहलाए। मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा पर यहां रात्रि विश्राम कर जलाशयों में स्नान व भगवान नीलकंठ का जलाभिषेक करने से एक करोड़ गोदान के समान पुण्य की प्राप्ति होती है।

*चंदेलों की शौर्यगाथा और सांस्कृतिक वैभव*

चंदेल शासकों के आठ प्रमुख दुर्गों में शामिल कालिंजर अपनी त्रिस्तरीय प्राचीरों, अद्वितीय वास्तु और मूर्तिकला के लिए विश्व विख्यात है। इतिहास के पन्नों में दर्ज है कि कालिंजर नरेश राजा परमार्दिदेव के शासनकाल में महाकवि वत्सराज द्वारा रचित छह नाटकों का मंचन यहीं हुआ था, जो ‘रुपक-षटकम’ के नाम से प्रसिद्ध हैं।

*कालिंजर किले में प्रशासन मुस्तैद और दो दिन प्रवेश हैं निशुल्क*

योगी सरकार की मंशा के अनुरूप श्रद्धालुओं की सुविधा का पूरा ख्याल रखा गया है। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण द्वारा 24 और 25 नवंबर को दुर्ग में प्रवेश शुल्क पूरी तरह माफ कर दिया गया है। जिससे आम जनमानस सुगमता से दर्शन कर सके। प्रशासनिक अधिकारीयों के मुताबिक मेला परिसर में स्वच्छता, पेयजल और प्रकाश की चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है। आगामी 27 नवंबर तक चलने वाले इस मेले के मुख्य आकर्षण के रूप में 26 नवंबर को एक विशाल दंगल का भी आयोजन किया जाएगा जिसमें दूर-दराज के पहलवान अपना दमखम दिखाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *