सनत कुमार बुधौलिया
उरई । ‘‘सड़क सुरक्षा पखबाड़ा’’ के अन आज दिनांक 24 नवंबर 2026 को नवे दिवस पर परिवहन विभाग के प्रवर्तन अधिकारियों द्वारा जनपद जालौन में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सघन प्रवर्तन अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान ‘नो हेलमेट-नो फ्यूल’ नियम के अनुपालन, बिना वैध बीमा के वाहन संचालन, बिना फिटनेस प्रमाण-पत्र के वाहन संचालन, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करने, दो पहिया वाहन पर तीन सवारियां बैठाने, बिना सीट बेल्ट के चार पहिया वाहन का संचालन करने तथा बिना नंबर प्लेट के वाहन संचालित करने सहित विभिन्न अभियोगों में 103 वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार प्रवर्तन की कार्यवाही करते हुए चालान किए गए, जिसमें 76 चालान बिना हेलमेट के वाहन का संचालन करने के अभियोग में किए गए।
इसके अतिरिक्त यात्री वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां बैठाकर संचालन करने तथा मालवाहक वाहनों में नियम विरुद्ध यात्रियों को बैठाकर परिवहन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध भी प्रभावी प्रवर्तन कार्यवाही करते हुए चालान किए गए। साथ ही, निर्धारित भार क्षमता से अधिक माल का परिवहन करने वाले ओवरलोड वाहनों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई, जिसके फलस्वरूप शासन को ₹1,48,000 (एक लाख अड़तालीस हजार रुपये) का प्रशमन शुल्क प्राप्त हुआ।
प्रवर्तन कार्यवाही के साथ-साथ वाहन चालकों एवं आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया गया। इस दौरान दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने, चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा वाहन के समस्त प्रपत्र यथा पंजीयन प्रमाण-पत्र, बीमा, फिटनेस एवं प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण-पत्र वैध रखने के संबंध में जानकारी दी गई।
परिवहन विभाग द्वारा वाहन चालकों से अपील की गई कि यात्री वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां न बैठाएं तथा मालवाहक वाहनों का उपयोग केवल माल परिवहन के लिए ही करें। ओवरलोडिंग एवं नियम विरुद्ध वाहन संचालन से दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है तथा यात्रियों एवं अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं के जीवन पर गंभीर खतरा उत्पन्न होता है।
आमजन से अपील है कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन केवल चालान एवं दंड से बचने के लिए नहीं, बल्कि स्वयं एवं दूसरों के अमूल्य जीवन की रक्षा के लिए करें।