ब्रजेश उदैनियाँ की रिपोर्ट
0-जेई आलोक पर फोन न उठाने का आरोप, संक्रामक रोग फैलने की आशंका से मोहल्लेवासियों में रोष
जालौन। नगर के मोहल्ला भवानीराम, देवनगर चौराहा स्थित सरकारी अस्पताल के सामने बसे घरों में पिछले एक सप्ताह से अधिक समय से नलों के माध्यम से बदबूदार और दूषित पानी की आपूर्ति हो रही है। हालत यह है कि लोगों को मजबूरी में इसी गंदे पानी का उपयोग करना पड़ रहा है, जिससे क्षेत्र में हैजा, डायरिया समेत अन्य संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा मंडराने लगा है।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार समस्या को लेकर जलकल विभाग में कई बार शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है, लेकिन विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों की उदासीनता के चलते आज तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। मोहल्लेवासियों का आरोप है कि जलकल विभाग के जेई आलोक से संपर्क करने का कई बार प्रयास किया गया, लेकिन वह फोन तक रिसीव नहीं करते हैं, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
सरकारी अस्पताल के सामने स्थित इस इलाके में दूषित पानी की सप्लाई से लोग भय और चिंता के माहौल में जीवन यापन करने को मजबूर हैं। नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो किसी भी समय जलजनित बीमारियों का प्रकोप फैल सकता है और इसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की तत्काल जांच कराकर पाइपलाइन की खराबी दूर कर स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
इस संबंध में संजय पटसारिया, विजय, अजय, मदरेश उदैनिया, अंजनी शुक्ला, राधा लोहपीटा, माजिद, दुलारे शुक्ला, रामगोविंद सहित अन्य मोहल्लेवासियों ने गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
