अनिल सक्सेना की रिपोर्ट
बांदा। उत्तर प्रदेश लोक एवं जनजाति संस्कृति संस्थान, लखनऊ तथा संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश के सहयोग से आयोजित जवारा लोकनृत्य कार्यशाला का समापन समारोह दिनांक 10 जून 2026 को नृत्य कलागृह, स्वराज कॉलोनी, बांदा में संपन्न हुआ।
कार्यशाला का आयोजन 01 जून 2026 से 10 जून 2026 तक प्रतिदिन सायं 4:00 बजे से 6:00 बजे तक किया गया। नृत्य कलागृह की संचालिका एवं नृत्य प्रशिक्षिका श्रद्धा निगम ने बताया कि कार्यशाला में लगभग 30 प्रशिक्षार्थियों ने सहभागिता की, जिनमें छोटे बच्चों से लेकर युवा एवं वरिष्ठ आयु वर्ग के प्रतिभागी शामिल रहे।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को जवारा लोकनृत्य की शैली, भाव-भंगिमाओं, ताल-लय तथा इसकी सांस्कृतिक पृष्ठभूमि से परिचित कराया गया। कार्यशाला की विशेष उपलब्धि यह रही कि प्रतिभागियों ने जवारा लोकनृत्य में प्रयुक्त वेशभूषा के साथ-साथ विभिन्न आभूषण एवं श्रृंगार सामग्री भी स्वयं अपने हाथों से तैयार की।
कार्यशाला के माध्यम से बच्चों एवं अन्य प्रतिभागियों में जवारा परंपरा, लोकनृत्य तथा बुंदेलखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूकता एवं उत्सुकता का विकास हुआ। प्रतिभागियों ने न केवल नृत्य की तकनीकों का प्रशिक्षण प्राप्त किया, बल्कि लोक संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के महत्व को भी समझा।
समापन समारोह में प्रशिक्षार्थियों द्वारा जवारा लोकनृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी गई, जिसे उपस्थित जनों ने सराहा। इसके उपरांत सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश शासन द्वारा लोकनाट्य विधा में पुरस्कृत श्री विजय बहादुर श्रीवास्तव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में श्री अशोक त्रिपाठी ‘जीतू’, श्री पंकज रावत, श्री कृष्णा सिंह, श्री इंद्रपाल, श्री बसंत, श्री गरीबदास, श्रीमती अंजू रानी दमेले, श्रीमती उमा पटेल, श्रीमती शुचि श्रीवास्तव, श्रीमती रंजना श्रीवास्तव, श्रीमती रुचिका ठाकुर, श्रीमती अनामिका एवं श्रीमती श्रुति साहू सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अतिथियों ने अपने उद्बोधन में लोककलाओं के संरक्षण एवं नई पीढ़ी को उनसे जोड़ने के ऐसे प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम का समापन आभार प्रदर्शन के साथ हुआ।
यह कार्यशाला लोक संस्कृति के संरक्षण, संवर्धन एवं नई पीढ़ी तक इसके हस्तांतरण की दिशा में एक सार्थक एवं सफल प्रयास सिद्ध हुई। :
